1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत को बड़ी ट्रेड डील की सौगात, 20 अक्टूबर से लागू होगा न्यूजीलैंड संग FTA; कार, कालीन और ऑटो पार्ट्स होंगे सस्ते!

भारत को बड़ी ट्रेड डील की सौगात, 20 अक्टूबर से लागू होगा न्यूजीलैंड संग FTA; कार, कालीन और ऑटो पार्ट्स होंगे सस्ते!

भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापार को बढ़ावा देने वाली बड़ी डील अब लागू होने जा रही है। दोनों देशों के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) 20 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। खास बात यह है कि यह तारीख दशहरे के दिन पड़ रही है।

20 अक्टूबर से लागू होगा...- India TV Hindi
Image Source : PIYUSH GOYAL X ACCOUNT / CANVA 20 अक्टूबर से लागू होगा भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट

फेस्टिव सीजन में भारतीय अर्थव्यवस्था और एक्सपोटर्स के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी आई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को घोषणा की कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) 20 अक्टूबर 2026 यानी विजयादशमी (दशहरा) के शुभ अवसर से लागू होने जा रहा है। नई दिल्ली में वर्चुअल प्रेस वार्ता के दौरान न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले के साथ इस ऐतिहासिक समझौते की अंतिम तारीख पर मुहर लगाई गई।

इस मुक्त व्यापार समझौते की सबसे खास बात यह है कि न्यूजीलैंड में भारत से भेजे जाने वाले 100 फीसदी सामान पर अब कोई भी कस्टम ड्यूटी नहीं लगेगा।पहले न्यूजीलैंड में भारतीय वस्तुओं जैसे कार, ऑटो कंपोनेंट्स, कालीन, सिरेमिक और टेक्सटाइल पर 10 फीसदी तक का भारी टैरिफ लगता था। अब 20 अक्टूबर से यह टैक्स पूरी तरह खत्म हो जाएगा, जिससे भारतीय कारें, ऑटो पार्ट्स और पारंपरिक उद्योग न्यूजीलैंड के बाजारों में बेहद सस्ते हो जाएंगे।

द्विपक्षीय व्यापार को ₹35,000 करोड़ करने का लक्ष्य

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि इस ऐतिहासिक डील का मकसद अगले 4 से 5 वर्षों में दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के कुल व्यापार को बढ़ाकर लगभग 4 बिलियम डॉलर यानी ₹35,000 करोड़ तक पहुंचाना है। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड का ऐतिहासिक दौरा किया था, जो पिछले चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा थी। इस दौरे ने वार्ता को अंतिम रूप देने और दोनों देशों के रिश्तों में मजबूत राजनीतिक गति प्रदान करने का काम किया।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने भी जताया उत्साह

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में भारत के साथ फ्री ट्रेड डील करने का जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2023-24 में 873 मिलियन डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 1.3 बिलियन डॉलर हो गया है, जिसमें 49% की शानदार वृद्धि दर्ज की गई है। दशहरा से लागू होने जा रहा यह समझौता न केवल भारतीय कपड़ा, फार्मा और आईटी सेक्टर को पंख लगाएगा, बल्कि देश में लाखों नए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।

यह भी पढ़ें- सरकार ने लागू की गोबरधन योजना, कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादकों को 10 साल तक मिलेगा मूल्य समर्थन

Latest Business News