सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। भारत से सऊदी अरब जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है, क्योंकि कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानें रद्द रखने की अवधि बढ़ा दी है। इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। वहीं, एयर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानों को 20 अक्टूबर तक रद्द रखने का फैसला किया है।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सऊदी अरब के बदलते हालात का आकलन करने के बाद 24 अक्टूबर तक सभी संबंधित उड़ानें रद्द रखने का फैसला लिया गया है। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को उनकी बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के जरिए सूचना भेज रही है। अकासा एयर ने भी सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रियाद आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर तक और जेद्दा की उड़ानों का निलंबन 21 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। कंपनी ने कहा कि वह क्षेत्र के हालात पर लगातार नजर रख रही है।
एयर इंडिया ने 20 अक्टूबर तक बढ़ाया कैंसिलेशन
एयर इंडिया ने 16 अक्टूबर को जानकारी दी कि सऊदी अरब की बदलती स्थिति के कारण रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी हालात का आकलन कर रही है, ताकि सुरक्षित तरीके से परिचालन दोबारा शुरू किया जा सके। इससे पहले एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर ने 17 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी। अब कुछ एयरलाइंस ने इस अवधि को आगे बढ़ा दिया है।
यात्रियों को मिलेगा रिफंड, रीशेड्यूल का भी ऑप्शन
इंडिगो और अकासा एयर ने प्रभावित यात्रियों के लिए राहत की घोषणा की है। अकासा एयर के अनुसार, यात्री पूरा रिफंड ले सकते हैं, जो सात दिनों के भीतर भुगतान के मूल माध्यम में जमा किया जाएगा। इसके अलावा, वे बिना अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। एयर इंडिया ने भी प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की बात कही है।
सुरक्षा हालात के कारण प्रभावित हुई उड़ानें
सऊदी अरब में हालिया हमलों के बाद सुरक्षा चिंताएं बढ़ी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, रियाद एयरपोर्ट पर भी हमला हुआ था। क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरों के बीच एयरलाइंस उड़ानों को लेकर लगातार समीक्षा कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- सऊदी अरब में फंसे भारतीयों के लिए जरूरी खबर, मक्का में बना कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन नंबर जारी
Latest Business News