1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Microsoft ने एक झटके में 4,800 कर्मचारियों को दिखाया बाहर का रास्ता! कंपनी ने AI को लेकर भी किया बड़ा खुलासा

Microsoft ने एक झटके में 4,800 कर्मचारियों को दिखाया बाहर का रास्ता! कंपनी ने AI को लेकर भी किया बड़ा खुलासा

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। कंपनी ने करीब 4,800 कर्मचारियों यानी अपनी वैश्विक वर्कफोर्स के लगभग 2.1% कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है।

माइक्रोसॉफ्ट ने 4800...- India TV Hindi
Image Source : CANVA माइक्रोसॉफ्ट ने 4800 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने करीब 4,800 कर्मचारियों यानी अपनी कुल वैश्विक वर्कफोर्स के लगभग 2.1% लोगों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। हालांकि इस बार सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या यह छंटनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से हुई है? इस पर माइक्रोसॉफ्ट ने साफ कहा है कि जिन पदों को खत्म किया गया है, उनकी जगह AI नहीं ले रहा है। कंपनी के मुताबिक यह फैसला बिजनेस को अधिक प्रभावी बनाने और भविष्य की जरूरतों के हिसाब से संगठन को तैयार करने के लिए लिया गया है।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि यह छंटनी किसी AI ऑटोमेशन की वजह से नहीं बल्कि कंपनी के बड़े स्तर पर किए जा रहे पुनर्गठन का हिस्सा है। कंपनी का लक्ष्य अपने ऑपरेशन को सरल बनाना और अलग-अलग बिजनेस यूनिट्स को भविष्य की जरूरतों के मुताबिक तैयार करना है। कंपनी ने यह भी बताया कि पिछले एक साल में हजारों कर्मचारियों को नई भूमिकाओं में स्थानांतरित किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की नौकरी बचाई जा सके।

स्वैच्छिक रिटायरमेंट प्लानिंग को मिला अच्छा रिस्पॉन्स

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक हाल ही में शुरू किए गए स्वैच्छिक रिटायरमेंट प्रोग्राम में 30% से ज्यादा पात्र कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कंपनी ने पहले अमेरिका में अपने लगभग 7% कर्मचारियों को स्वैच्छिक बायआउट का भी ऑफर दिया था।

AI पर अरबों डॉलर का निवेश, बढ़ा लागत का दबाव

हाल के वर्षों में माइक्रोसॉफ्ट ने AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश किया है। कंपनी वित्त वर्ष 2026 में डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 190 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है। बढ़ते निवेश की वजह से कंपनी पर लागत कम करने और बिजनेस को ज्यादा लाभदायक बनाने का दबाव भी बढ़ गया है। हालांकि एज्योर क्लाउड बिजनेस को AI सेवाओं की बढ़ती मांग का फायदा मिल रहा है, लेकिन कंपनी अपने खर्चों को बैलेंस करने के लिए कई बदलाव कर रही है।

Xbox डिवीजन पर सबसे बड़ा असर

इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर माइक्रोसॉफ्ट के Xbox गेमिंग बिजनेस पर पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक Xbox डिवीजन में करीब 20% कर्मचारियों की कटौती की जाएगी। लगभग 1,600 कर्मचारियों को तुरंत हटाया जाएगा, जबकि अगले एक साल में करीब 1,250 और पद खत्म किए जाएंगे। इसके अलावा Activision Blizzard, ZeniMax Media और Xbox प्लेटफॉर्म टीमों में भी कर्मचारियों की संख्या घटाई जाएगी। कंपनी कुछ गेम स्टूडियो का पुनर्गठन करेगी, जबकि कुछ स्टूडियो नए मालिकों को बेचे जा सकते हैं।

शेयरों पर भी दिखा दबाव

माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में भी इस साल कमजोरी देखने को मिली है। साल 2026 की पहली छमाही में कंपनी के शेयर करीब 23% तक गिर चुके हैं, जो 2022 के बाद सबसे कमजोर प्रदर्शन माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Volkswagen में छंटनी का बड़ा संकट! 1 लाख लोगों को नौकरी से निकालेगी Audi और Porsche बनाने वाली कंपनी

Latest Business News