छठ महापर्व पर घर जाने की भागदौड़ के बीच रेगुलर ट्रेनों में कन्फर्म सीट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है। ऐसे में, आम लोगों के लिए भारतीय रेल द्वारा चलाई जा रहीं स्पेशल ट्रेनें ही आखिरी सहारा बनकर रह गई हैं। इसी बीच, दिल्ली सरकार ने राजधानी में रहने वाले बिहार के लोगों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। दिल्ली सरकार खासतौर पर छठ महापर्व के लिए दिल्ली और बिहार के बीच लग्जरी एसी बसें चलानी की तैयारियों में जुट गई है।
अंतिम मंजूरी के लिए उपराज्यपाल टी.एस. संधू को भेजा गया प्रस्ताव
दिल्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट (DTC) ने बिहार के लिए इंटरस्टेट बस सर्विस शुरू करने की अपनी प्लानिंग पर आगे बढ़ते हुए अंतिम मंजूरी के लिए उपराज्यपाल टी.एस. संधू को प्रस्ताव भेज दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी। दिल्ली सरकार ने पहले ही इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, जो इंटरस्टेट बसों के संचालन के अगले चरण का हिस्सा है। इसके लिए दिल्ली और बिहार, दोनों सरकारों ने समझौता ज्ञापन को मंजूरी दे दी है।
शुरुआती चरण में बिहार के 7 जिलों के लिए 50 से ज्यादा बसें चलाने की योजना
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा, ''हमारा लक्ष्य इस साल छठ पर्व से पहले इन बसों का परिचालन शुरू करने का है। ये एसी लग्जरी बस होंगी और शुरुआती चरण में हमारी योजना बिहार के 7 जिलों के लिए 50 से ज्यादा बसें चलाने की है। हमने मंजूरी के लिए प्रस्ताव उपराज्यपाल के पास भेज दिया है, उम्मीद है कि इसे जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।''
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर तक चलाई जाएंगे बसें
बताते चलें कि इससे पहले, दिल्ली ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने घोषणा की थी कि ये बस दिल्ली को बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर से जोड़ेंगी। अधिकारियों के अनुसार, इन लंबे रूट पर लग्जरी वोल्वो बसें चलाई जाएंगी क्योंकि फिलहाल इलेक्ट्रिक बस इतने लंबे सफर के लिए व्यावहारिक विकल्प नहीं हैं।
यात्रियों के मांग के आधार पर बसों की संख्या में की जा सकती है बढ़ोतरी
अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के मांग के आधार पर बसों की संख्या में बढ़ोतरी भी की जा सकती है। इससे पहले, दिल्ली सरकार ने ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून, पानीपत, अयोध्या, लखनऊ, मुरादाबाद, अमृतसर, चंडीगढ़ और जम्मू के लिए भी अंतरराज्यीय बसें चलाने की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें
सोने की कीमतों में उछाल, चांदी के भाव में कोई बदलाव नहीं- चेक करें आज के ताजा रेट
Latest Business News