1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने की कीमतों में उछाल, चांदी के भाव में कोई बदलाव नहीं- चेक करें आज के ताजा रेट

सोने की कीमतों में उछाल, चांदी के भाव में कोई बदलाव नहीं- चेक करें आज के ताजा रेट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 28, 2026 08:06 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 08:06 pm IST

बुधवार को भारतीय मुद्रा रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे गिरकर 95.28 प्रति डॉलर पर आ गया। डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपये पर दबाव पड़ रहा है।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
सोने की कीमतों में उछाल Image Source : PTI

रुपये में जारी गिरावट की वजह से दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतें 700 रुपये बढ़कर 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये की तेजी के साथ 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मंगलवार को सोने का भाव 1,45,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

1.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं चांदी की कीमतें

हालांकि, आज चांदी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ और ये 1.98 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। बताते चलें कि बुधवार को भारतीय मुद्रा रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे गिरकर 95.28 प्रति डॉलर पर आ गया। डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपये पर दबाव पड़ रहा है। कारोबारियों ने कहा कि रुपये में गिरावट से सोने का आयात महंगा हो गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी के बावजूद घरेलू कीमतों को समर्थन मिला।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सतर्क बने हुए हैं निवेशक

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ''बुधवार को सोने और चांदी का कारोबार सीमित दायरे में रहा, क्योंकि निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सतर्क बने हुए हैं। कीमती धातुओं के बाजार के लिए ये एक अहम घटनाक्रम है।'' वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 14.05 डॉलर यानी 0.35 प्रतिशत गिरकर 4046.28 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमतें 1.23 प्रतिशत टूटकर 53.75 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

रास तनुरा तेल रिफाइनरी पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी

मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा, ''सऊदी अरब की रास तनुरा तेल रिफाइनरी पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आई है।'' आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर के अनुसार, निवेशक अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। 

कीमतों में गिरावट का फायदा उठाकर सोना खरीद रहे हैं चीनी लोग

वेदिका नार्वेकर ने कहा कि मांग के मोर्चे पर चीन के परिवार कीमतों में गिरावट का फायदा उठाकर सोना खरीद रहे हैं, जबकि भारत में खरीदार त्योहारों के मौसम से पहले खरीदारी से बच रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि कीमतों में अभी और गिरावट आ सकती है।

ये भी पढ़ें

27% की बंपर बढ़त के साथ बंद हुआ Jio का शेयर, इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए यादगार बना पहला दिन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।