1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. 27% की बंपर बढ़त के साथ बंद हुआ Jio का शेयर, इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए यादगार बना पहला दिन

27% की बंपर बढ़त के साथ बंद हुआ Jio का शेयर, इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए यादगार बना पहला दिन

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 28, 2026 07:34 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 07:34 pm IST

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयरों ने बीएसई और एनएसई पर 1358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो इश्यू प्राइस से 21.36 प्रतिशत ज्यादा है।

Jio Platforms, Jio Platforms IPO, Jio Platforms share listing price, Jio Platforms share price, jio - India TV Hindi
27% की बंपर बढ़त के साथ बंद हुआ Jio का शेयर Image Source : HTTPS://X.COM/RELIANCEJIO

मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में ऐतिहासिक शुरुआत की। आज का दिन, कंपनी के इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए यादगार बन गया। शेयर बाजार में लिस्टिंग के पहले दिन, जियो का शेयर 1119 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही, कंपनी मार्केट कैप के लिहाज से देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन गई। 

पहले दिन के कारोबार में 1423.90 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंचा जियो का शेयर

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयरों ने बीएसई और एनएसई पर 1358 रुपये पर कारोबार शुरू किया, जो इश्यू प्राइस से 21.36 प्रतिशत ज्यादा है। बीएसई पर कंपनी का शेयर 1417.35 रुपये पर बंद हुआ, जो इश्यू प्राइस से 26.66 प्रतिशत ज्यादा है। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 27.23 प्रतिशत चढ़कर 1423.80 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया था। एनएसई पर कंपनी का शेयर 26.67 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1417.50 रुपये पर बंद हुआ। पहले दिन के कारोबार के दौरान, ये 27.24 प्रतिशत चढ़कर 1423.90 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया था। 

कारोबार के पहले दिन 13 लाख करोड़ रुपये रहा जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप 

शेयर बाजार में कारोबार के पहले दिन जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप 13 लाख करोड़ रुपये रहा। मार्केट कैप के लिहाज से टॉप 5 कंपनियों में जियो प्लेटफॉर्म्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.67 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज का कुल मार्केट कैप 28.72 लाख करोड़ रुपये रहा। 

मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनी जियो

शेयर बाजार में शुरुआत के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी भी बन गई। जियो ने भारती एयरटेल को पीछे छोड़ दिया, जिसका मार्केट कैप 12.16 लाख करोड़ रुपये था। बताते चलें कि जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ को 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। पब्लिक इश्यू और एंकर इंवेस्टर्स को शेयर अलॉटमेंट को मिलाकर कुल मांग 7 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई थी। वहीं, आवेदनों की संख्या करीब 1.39 करोड़ तक पहुंच गई थी। ये ग्लोबल लेवल पर भी एक बड़ा आंकड़ा है।

ये भी पढ़ें

28 October, 2026 Stock Market Highlights: लाल निशान में बंद हुआ बाजार, आईटी स्टॉक्स में बड़ी गिरावट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।