1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नगरपालिका कर्मचारियों को मिलेगा 33,000 रुपये का दिवाली बोनस, 83,000 से ज्यादा लोगों को होगा फायदा

नगरपालिका कर्मचारियों को मिलेगा 33,000 रुपये का दिवाली बोनस, 83,000 से ज्यादा लोगों को होगा फायदा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 28, 2026 04:43 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 04:56 pm IST

कर्मचारी संघ के नेता शशांक राव ने बताया कि बीएमसी हेडक्वार्टर में सभी समूह नेताओं की बैठक के दौरान नगर निकाय अपने कर्मचारियों को 33,000 रुपये का बोनस देने पर सहमत हुआ।

BMC, Brihanmumbai Municipal Corporation, bmc employees, bonus, diwali bonus- India TV Hindi
कर्मचारियों को मिलेगा 33,000 रुपये का दिवाली बोनस Image Source : FREEPIK

मुंबई के नगरपालिका कर्मचारियों को दीपावली पर 33,000 रुपये का भारी-भरकम बोनस मिलने जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) इस साल अपने 83,000 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली पर 33,000 रुपये का बोनस देगी। कर्मचारी संघ के एक नेता ने बुधवार को ये जानकारी दी। बताते चलें कि मुंबई का बृहन्मुंबई महानगरपालिका, देश के सबसे धनी नगर निकाय है। BMC के इस फैसले से अधिकारियों और कर्मचारियों को शानदार और भव्य तरीके से त्योहार मनाने में मदद मिलेगी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने पिछले साल किया था 31,000 रुपये का अनुग्रह भुगतान

बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा घोषित 33,000 रुपये का ये बोनस पिछले साल दिए गए 31,000 रुपये के अनुग्रह भुगतान से 2000 रुपये ज्यादा है। बीएससी कर्मचारी संघ के नेता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में बताया कि 33,000 रुपये का ये दिवाली बोनस सहायता प्राप्त प्राइवेट प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों के टीचरों और नॉन-टीचिंग स्टाफ को भी दिया जाएगा। इनमें टीचिंग असिस्टेंट्स और एजुकेशन सर्विस से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं। 

बीएमसी हेडक्वार्टर में एक अहम बैठक के दौरान हुआ फैसला

कर्मचारी संघ के नेता शशांक राव ने बताया कि बीएमसी हेडक्वार्टर में सभी समूह नेताओं की बैठक के दौरान नगर निकाय अपने कर्मचारियों को 33,000 रुपये का बोनस देने पर सहमत हुआ।

केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बढ़ाया महंगाई भत्ता और महंगाई राहत

जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर घोषणाएं भी हो रही हैं। बुधवार को ही, केंद्र सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद केंद्र सरकार के कर्मचारियों को अब 63 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा और पेंशनर्स को 63 प्रतिशत महंगाई राहत मिलेगी।

रेलवे अपने कर्मचारियों को देगा 78 दिनों का बोनस

भारतीय रेल इस साल भी अपने कर्मचारियों को 78 दिनों का देने जा रही है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 14 अक्टूबर को बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग में देश के सभी नॉन-गैजेटेड रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी मिल गई।

ये भी पढ़ें

सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली गिफ्ट की घोषणा, अब 63% मिलेगा महंगाई भत्ता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।