रेल कर्मचारियों को इस साल भी दीपावली के शुभ मौके पर भारी-भरकम बोनस मिलने जा रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के बोनस की घोषणा की। रेल मंत्रालय के इस फैसले से देशभर में रेलवे के लगभग 11.4 लाख कर्मचारियों को दीपावली का बोनस मिलेगा। बताते चलें कि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग में देश के सभी नॉन-गैजेटेड रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी मिल गई।
रेल कर्मचारियों को बोनस देने के लिए 2009.61 करोड़ रुपये खर्च करेगा रेलवे
कैबिनेट ब्रीफिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "आज पहला फैसला रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिन के बोनस को मंजूरी देने का लिया गया, जिससे लगभग 11.4 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा।'' सरकार ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे के 11,40,770 कर्मचारियों को उनके बेहतरीन काम के लिए 78 दिनों का PLB देने की मंजूरी दी है। इस पर कुल 2009.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
रेल कर्मचारियों बोनस में कितने रुपये मिलेंगे
पात्र रेलवे कर्मचारियों को PLB का भुगतान हर साल दुर्गा पूजा/दशहरा की छुट्टियों से पहले किया जाता है। सरकार ने कहा, "इस साल भी, लगभग 11.40 लाख नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों की सैलरी के बराबर PLB दिया जा रहा है। PLB का भुगतान रेलवे कर्मचारियों को रेलवे के कामकाज में सुधार के लिए प्रेरित करने का काम करता है।" सरकार ने आगे कहा, "हर पात्र रेलवे कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम 17,951 रुपये का भुगतान किया जाएगा।" बताते चलें कि रेल कर्मचारियों को दिए जाने वाले प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस की कैलकुलेशन 7000 रुपये की मिनिमम सैलरी के आधार पर की जाती है। इस हिसाब से कर्मचारियों को मिलने वाला बोनस अधिकतम 17,951 रुपये होता है।
साल 2025-26 में रेलवे ने किया शानदार प्रदर्शन
बताते चलें कि ये रकम रेलवे के अलग-अलग कैटेगरी के कर्मचारियों को दी जाएगी, जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइज़र, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ़ और ग्रुप 'C' के अन्य कर्मचारी। सरकार ने कहा, "साल 2025-26 में रेलवे का कामकाज बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 1670 मिलियन टन कार्गो की लोडिंग की और लगभग 7.41 बिलियन यात्रियों को यात्रा कराई।"
ये भी पढ़ें