एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक (Starlink) की भारत में एंट्री को लेकर बहस तेज हो गई है। एक तरफ मस्क ने मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय बाजार में कॉम्पिटिशन को लेकर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी तरफ रिलायंस ने भी साफ कर दिया है कि उसे किसी भी कंपनी से मुकाबले का डर नहीं है। कंपनी ने कहा है कि भारत में निवेश और नई तकनीक का स्वागत है, लेकिन सभी कंपनियों को देश के नियमों का पालन करना होगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि वह सैटेलाइट ब्रॉडबैंड के सेक्टर में कॉम्पिटिशन का स्वागत करती है। इसमें स्टारलिंक जैसी विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, भारत ऐसा बाजार है जहां घरेलू और विदेशी, दोनों तरह की कंपनियों को निवेश और इनोवेशन के अवसर मिलने चाहिए। हालांकि, रिलायंस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कंपनी को भारत में सेवाएं शुरू करने के लिए देश के कानूनों और नियामकीय प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। कंपनी ने सरकार के उस रुख का भी जिक्र किया, जिसके अनुसार भारतीय और विदेशी कंपनियों के लिए एक जैसी प्रक्रिया लागू होनी चाहिए।
जियो की सैटेलाइट सेवा को भी मंजूरी का इंतजार
रिलायंस ने अपने बयान में एक अहम बात कही। कंपनी ने बताया कि जियो की सैटेलाइट सेवाएं भी जरूरी मंजूरियों का इंतजार कर रही हैं। इसका मतलब है कि भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के मामले में जियो को भी नियामकीय मंजूरी की जरूरत है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब स्टारलिंक की भारतीय बाजार में एंट्री को लेकर रिलायंस और एलन मस्क के बीच जुबानी बहस तेज हो गई है। मस्क चाहते हैं कि स्टारलिंक को भारत में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिले, जबकि रिलायंस का कहना है कि सभी कंपनियों के लिए नियम समान होने चाहिए।
2016 में बिना ग्राहकों के बाजार में उतरा था जियो
रिलायंस ने प्रतिस्पर्धा से नहीं डरने की बात कहते हुए जियो के सफर का उदाहरण दिया। कंपनी ने कहा कि जब जियो ने साल 2016 में टेलीकॉम मार्केट में कदम रखा था, तब उसके पास एक भी ग्राहक नहीं था। इसके बावजूद कंपनी ने अपनी सेवाओं के दम पर ग्राहकों का भरोसा जीता। रिलायंस के मुताबिक, आज जियो के 53 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। कंपनी ने देश में सस्ते डेटा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाई है। रिलायंस ने कहा कि हमें कभी कॉम्पिटिशन का डर नहीं रहा। हम इसे इस बात की सबसे बड़ी कसौटी मानते हैं कि कौन ग्राहकों को बेहतर सेवा देता है।
यह भी पढ़ें- स्टारलिंक के मुद्दे पर भारत सरकार ने एलन मस्क को दे दिया सीधा जवाब, कहा- 'नियम सबके लिए बराबर हैं'
Latest Business News