भारतीय रेलवे के लिए सितंबर 2026 का महीना माल ढुलाई के लिहाज से शानदार रहा। देशभर में रेलवे के जरिए सामान भेजने की मांग बढ़ने से फ्रेट लोडिंग में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। फूड ग्रेन्स से लेकर कोयला, क्लिंकर और घरेलू कंटेनर तक, कई प्रमुख कैटेगरी में माल ढुलाई बढ़ी है। इतना ही नहीं, रेलवे की माल ढुलाई से होने वाली कमाई में भी इजाफा हुआ है। अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच के आंकड़े भी रेलवे के लिए अच्छे संकेत दे रहे हैं।
भारतीय रेलवे ने सितंबर 2026 में कुल 135.35 मिलियन टन माल की ढुलाई की। सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 127.52 मिलियन टन था। इस तरह पिछले साल के इसी महीने की तुलना में माल ढुलाई में 6.14 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान कई प्रमुख वस्तुओं की लोडिंग में अच्छी तेजी देखने को मिली। खाद्यान्न की ढुलाई में सबसे ज्यादा 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, क्लिंकर की लोडिंग 20 फीसदी और घरेलू कंटेनर की लोडिंग 10 फीसदी बढ़ी। इसके अलावा कोयले की ढुलाई में 9 फीसदी, अन्य वस्तुओं की लोडिंग में 8.2 फीसदी, मिनरल ऑयल में 6 फीसदी, तैयार स्टील में 5.5 फीसदी और लौह अयस्क की लोडिंग में 5.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
बिजली घरों को कोयले की सप्लाई में तेजी
रेलवे ने सितंबर में बिजली घरों तक घरेलू कोयला पहुंचाने पर भी जोर दिया। सितंबर 2026 में प्रतिदिन औसतन 443 कोयला रैक बिजली घरों को भेजे गए। सितंबर 2025 में यह संख्या 397 रैक प्रतिदिन थी। यानी कोयले की सप्लाई में 11.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। बिजली घरों तक कोयले की नियमित आपूर्ति बनाए रखने में रेलवे की अहम भूमिका है। ऐसे में कोयला रैक की संख्या बढ़ना बिजली उत्पादन के लिए जरूरी ईंधन की ढुलाई में मजबूती को दर्शाता है।
रेलवे की माल ढुलाई से कमाई भी बढ़ी
माल ढुलाई बढ़ने का असर रेलवे के राजस्व पर भी दिखाई दिया। सितंबर 2026 में माल ढुलाई से रेलवे की कमाई पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 1,266 करोड़ रुपये बढ़ी। इस दौरान राजस्व में 9.3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
छह महीने में 833.7 मिलियन टन माल की ढुलाई
वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान भारतीय रेलवे ने कुल 833.7 मिलियन टन माल की ढुलाई की। यह पिछले साल की समान अवधि से 4.1 फीसदी अधिक है। इस अवधि में माल ढुलाई से होने वाले राजस्व में भी 3.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- नीचे से गुजरेंगी ट्रेनें और ऊपर से फर्राटा भरेगी बुलेट ट्रेन; वडोदरा में पूरा हुआ बड़ा काम
Latest Business News