स्पाइसजेट एयरलाइन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लंबे समय से वित्तीय और परिचालन चुनौतियों से जूझ रही एयरलाइन के सामने अब वेतन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी के Q400 विमान उड़ाने वाले करीब 40 पायलटों ने बकाया सैलरी मिलने तक उड़ान भरने से इनकार कर दिया है। पायलटों के इस कदम को उनके संगठन अल्फा इंडिया का भी सपोर्ट मिला है। हालांकि, इस मामले में एयरलाइन की ओर से अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
सूत्रों ने बताया कि स्पाइसजेट के Q400 विमान उड़ाने वाले करीब 40 पायलटों ने हाल ही में यह रुख अपनाया। उनका कहना है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, वे उड़ान नहीं भरेंगे। हालांकि, पायलटों के वेतन का कितना पैसा बकाया है और विवाद कब से चल रहा है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
अल्फा इंडिया ने दिया पायलटों का साथ
एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ALPA India) ने 9 अक्टूबर को अपने सदस्यों और विमानन क्षेत्र से जुड़े लोगों को पत्र लिखकर पायलटों के प्रति सपोर्ट जताया। संगठन ने कहा कि वह पायलटों के साथ खड़ा है और उचित समाधान के लिए नैतिक, पेशेवर तथा जरूरी सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है। संगठन के मुताबिक, Q400 विमान उड़ाने वाले पायलट अपने अधिकारों, पेशेवर सम्मान और विमानन सुरक्षा के मानकों की रक्षा के लिए यह कदम उठा रहे हैं। अल्फा इंडिया ने यह भी कहा कि लगातार वित्तीय और परिचालन समस्याओं के कारण पायलट काफी तनाव और अनिश्चितता में काम कर रहे हैं।
वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन
स्पाइसजेट पिछले कई महीनों से आर्थिक और परिचालन चुनौतियों का सामना कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ वेंडरों द्वारा भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण विमान से जुड़ी जरूरी सेवाएं देने में आनाकानी करने की भी जानकारी सामने आई है। वेतन में देरी और कर्मचारियों के अन्य बकाया लाभों ने मुश्किलें बढ़ाई हैं।
बेड़े के संचालन पर भी दबाव
विमानों की जानकारी देने वाली वेबसाइट Planespotters.net के आंकड़ों के अनुसार, स्पाइसजेट के बेड़े में 10 विमान परिचालन में हैं, जिनमें दो Q400 विमान शामिल हैं। वहीं, 37 विमान खड़े हैं। इस बीच, विमानन नियामक DGCA भी एयरलाइन की गतिविधियों पर करीबी नजर रख रहा है।
इनपुट- PTI
यह भी पढ़ें- SpiceJet की बढ़ी मुश्किलें, बार-बार फ्लाइट लेट होने पर DGCA ने शुरू की स्क्रूटनी
Latest Business News