1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Spicejet से 4 एयरक्राफ्ट वापस लेने के लिए DGCA से किया गया संपर्क, कैंसिल किया जाएगा रजिस्ट्रेशन

Spicejet से 4 एयरक्राफ्ट वापस लेने के लिए DGCA से किया गया संपर्क, कैंसिल किया जाएगा रजिस्ट्रेशन

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 14, 2026 07:49 am IST,  Updated : Jul 14, 2026 07:49 am IST

स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा कि ये विमान इंजन के उच्च दाब टर्बाइन (HPT) से जुड़ी निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से खड़े हैं।

spicejet, dgca, IDERA, Sky High LXXX Leasing Company Limited, airline company- India TV Hindi
Spicejet से 4 एयरक्राफ्ट का रजिस्ट्रेशन होगा कैंसिल Image Source : PTI

वित्तीय संकट का सामना कर रही देश की एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट को लेकर एक नया अपडेट आया है। स्पाइसजेट के चार Boeing 737-8 Max एयरक्राफ्ट का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करने के लिए एयरक्राफ्ट सप्लायर कंपनियों ने डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से संपर्क किया है। इसी बीच, एयरलाइन कंपनी ने सोमवार को कहा कि ये एयरक्राफ्ट लंबे समय से ऑपरेशन्स से बाहर हैं और इनका रजिस्ट्रेशन कैंसिल होने से पट्टा किराये का बोझ कम होगा। 

आयरलैंड की एयरक्राफ्ट सप्लायर कंपनी ने IDERA के तहत दायर किया आवेदन

आयरलैंड की एयरक्राफ्ट सप्लायर Sky High LXXX Leasing Company Limited और Sky High LXXVII Leasing Company Limited ने इन एयरक्राफ्ट के लिए 'अपरिवर्तनीय डीरजिस्ट्रेशन एवं निर्यात अनुरोध प्राधिकरण' (IDERA) के तहत आवेदन दायर किया है। अपरिवर्तनीय डीरजिस्ट्रेशन एवं निर्यात अनुरोध प्राधिकरण व्यवस्था विमानों को पट्टे पर देने वाली कंपनी को अपने विमान वापस लेने के लिए सीधे विमानन नियामक से संपर्क करने की अनुमति देती है। 

पिछले साल संसद में एविएशन से जुड़ा एक अहम बिल हुआ था पास

पिछले साल, संसद ने एविएशन से जुड़ा एक अहम बिल पास किया था। इससे ग्लोबल एयरक्राफ्ट लीजिंग कंपनियों के लिए ये आसान हो जाएगा कि अगर कोई भारतीय एयरलाइन पेमेंट में चूक करती है, तो वे अपने जेट और इंजन वापस ले सकें।

स्पाइसजेट ने इस पूरे मामले पर क्या कहा है

इस घटनाक्रम पर स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा कि ये विमान इंजन के उच्च दाब टर्बाइन (HPT) से जुड़ी निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से खड़े हैं। उन्होंने कहा, "इन विमानों के पंजीकरण निरस्त होने से उन पर पट्टे का किराया खर्च घटेगा। इससे एयरलाइन के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।" 

धूल फांक रहे हैं स्पाइसजेट की फ्लीट के 80 प्रतिशत विमान

हालांकि, प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन इन एयरक्राफ्ट्स को फिर से सर्विस में लाने को लेकर सप्लायर और ऑरिजिनल एक्विपमेंट मैन्यूफैक्चरर के साथ बातचीत कर रही है। फिलहाल, वित्तीय और कानूनी चुनौतियों का सामना कर रही स्पाइसजेट के 11 एयरक्राफ्ट ही सर्विस में हैं, जबकि कंपनी के 42 एयरक्राफ्ट यानी कंपनी के फ्लीट साइज के लगभग 80 प्रतिशत विमान जमीन पर खड़े-खड़े पर धूल फांक रहे हैं। सोमवार तक, एयरलाइन मुश्किल से 12 विमानों का इस्तेमाल करते हुए सिर्फ 60 फ्लाइट्स ही ऑपरेट कर रही थी। बताते चलें कि अभी हाल ही में बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के विमान का टायर फट गया था

ये भी पढ़ें

अकासा एयर बड़े प्लान की तैयारी में, उड़ान योजना के तहत सेवाएं शुरू करने पर कर रहा विचार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा