आकासा एयर सरकार की रीजनल एयर कनेक्टिविटी स्कीम 'उड़ान' के तहत सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है। एयरलाइन कंपनी के सीईओ विनय दुबे ने कहा कि उनके फ्लीट में नए विमान तय समय के अनुसार लगातार शामिल हो रहे हैं। अगले महीने कमर्शियल फ्लाइट सर्विस के 4 साल पूरे करने जा रही इस एयरलाइन कंपनी ने इस साल अब तक 9 नए बोइंग 737 मैक्स विमानों की डिलीवरी ली है। कंपनी ने कुल 226 विमानों के ऑर्डर दिए हैं और बाकी सभी 186 विमानों के 2032 के अंत तक फ्लीट में शामिल होने की उम्मीद है।
चालू वित्त वर्ष में 30% की वृद्धि का लक्ष्य
एयरलाइन कंपनी का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष में अपनी क्षमता में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी करना है और अगले 4-5 सालों में क्षमता वृद्धि 30-40 प्रतिशत के दायरे में होगी। विनय दुबे ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी 'उड़ान' योजना का हिस्सा बनने की योजना बना रही है और सभी रूट का अध्ययन करने के बाद इस संबंध में फैसला करेगी।
28 घरेलू और 7 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं दे रहा है अकासा एयर
बताते चलें कि केंद्र सरकार ने 4 जुलाई को आम लोगों को किफायती दरों पर हवाई सेवाएं देने और बिना सेवा वाले या कम सेवा वाले गंतव्यों को जोड़ने के उद्देश्य से 'उड़ान' (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के संशोधित संस्करण को पेश किया गया था। अक्टूबर, 2016 में शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक 669 रूट का परिचालन शुरू किया जा चुका है। वर्तमान में, आकासा एयर 28 घरेलू और 7 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं दे रही है।
अभी एक ही तरह के विमान इस्तेमाल कर रही है एयरलाइन कंपनी
एटीएफ मूल्य स्थिरीकरण कोष और आपातकालीन ऋण गारंटी योजना में शामिल होने के सवाल पर सीईओ ने कहा कि कंपनी अंतिम फैसला लेने से पहले दोनों पहलों की शर्तों का अध्ययन कर रही है। रणनीति के बारे में उन्होंने कहा कि कोई भी कंपनी एक ही रणनीति पर स्थिर नहीं रह सकती। हालांकि, फिलहाल अकासा एयर एक ही प्रकार के विमान और एकल श्रेणी के मॉडल पर कायम रहेगी। उन्होंने कहा, "हमारी एक रणनीति और दिशा है, लेकिन उद्योग की बदलती परिस्थितियों के अनुसार हर साल उसका पुनर्मूल्यांकन करना पड़ता है। अभी तक हमारे लिए एक ही प्रकार के विमान और एकल श्रेणी का मॉडल उपयुक्त रहा है।"
तय समय पर विमानों की डिलीवरी कर रहा है बोइंग
विनय दुबे ने कहा कि बोइंग तय समय के अनुसार विमानों की डिलीवरी कर रहा है। उन्होंने कहा, ''पिछले 12 महीनों में जितने विमान हमें मिले हैं, आने वाले समय में उससे भी ज्यादा विमानों की डिलीवरी होगी। विमान तय कार्यक्रम के अनुसार लगातार और स्थिर गति से मिल रहे हैं।'' हालांकि, एयरलाइन किसी निश्चित अवधि में मिलने वाले विमानों की संख्या का पूर्वानुमान जारी नहीं करती। उन्होंने कहा कि वैश्विक विमानन उद्योग इस समय आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और इंजन संबंधी समस्याओं का सामना कर रहा है, जिसके कारण विमानों की आपूर्ति में देरी हो रही है।
अकाया एयर के पास 850 पायलट समेत 5,000 से ज्यादा कर्मचारी
उन्होंने बताया कि अकासा एयर में 850 से ज्यादा पायलट समेत 5,000 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं। दुबे ने कहा कि घाटे में चल रही एयरलाइन ने सितंबर 2025 से मार्च 2026 की अवधि में कर पूर्व आय (EBITDA) के स्तर पर लाभ दर्ज किया।
ये भी पढ़ें-
अकासा एयर ने मुंबई और नोएडा के बीच शुरू की फ्लाइट, नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए मिलेगी सेवाएं