1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 15 अक्टूबर तक के लिए रद्द कीं रियाद की सभी फ्लाइट्स, सऊदी में माहौल खराब

एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 15 अक्टूबर तक के लिए रद्द कीं रियाद की सभी फ्लाइट्स, सऊदी में माहौल खराब

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 11, 2026 03:52 pm IST,  Updated : Oct 11, 2026 03:52 pm IST

इससे पहले टाटा ग्रुप की दोनों एयरलाइन कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक के लिए रियाद की सभी फ्लाइट्स को रद्द करने की घोषणा की थी।

air india, air india express, riyadh, riyadh international airport, houthi attack- India TV Hindi
रियाद के लिए सभी फ्लाइट्स रद्द Image Source : AIR INDIA

सऊदी अरब के मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनियों एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने राजधानी रियाद से आने-जाने वाली फ्लाइट्स को अब 14-15 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दिया है। एयरलाइन के अधिकारियों ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए अपनी सभी फ्लाइट्स 14 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं। इसके अलावा, जबकि एयर इंडिया ने 15 अक्टूबर तक रियाद के लिए सभी फ्लाइट्स को कैंसिल करने का फैसला किया है। 

पहले 10 अक्टूबर तक के लिए रद्द की गई थीं फ्लाइट्स

बताते चलें कि इससे पहले टाटा ग्रुप की दोनों एयरलाइन कंपनियों ने 10 अक्टूबर तक के लिए रियाद की सभी फ्लाइट्स को रद्द करने की घोषणा की थी। अधिकारियों ने कहा कि एयरलाइन कंपनियां सऊदी अरब की मौजूदा स्थितियों पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों का लगातार आकलन कर रही हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया प्रभावित यात्रियों को फ्लाइट्स कैंसिल होने पर पूरा पैसा वापस करने की पेशकश कर रही हैं। 

बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा दे रही है एयरलाइन कंपनियां

एक अधिकारी ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस यात्रियों को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा भी दे रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत के 4 शहरों- बेंगलुरू, कोच्चि, कन्नूर और कोझिकोड से रियाद के लिए साप्ताहिक आधार पर 16 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। जबकि, एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई से रियाद के लिए हफ्ते में 7 फ्लाइट्स ऑपरेट करती है। बताते चलें कि हूती विद्रोहियों ने इस हफ्ते की शुरुआत में सऊदी अरब के 2 प्रमुख हवाई अड्डों- रियाद और आभा पर हमला किया था। 

शनिवार को हुए हमले में 12 लोगों की मौत

हूती विद्रोहियों ने शनिवार दोपहर को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया था। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हमले के बाद इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अस्थाई तौर पर सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

PTI Inputs

ये भी पढ़ें

FPIs ने अक्टूबर में अब तक ₹44,166 करोड़ के शेयर बेचे, इस साल ₹3.04 लाख करोड़ के पार पहुंची कुल निकासी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।