1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. TCS ने फिर किया कमाल! जून तिमाही में ₹13,349 करोड़ का मुनाफा, 9200 से ज्यादा नई नौकरियां दी

TCS ने फिर किया कमाल! जून तिमाही में ₹13,349 करोड़ का मुनाफा, 9200 से ज्यादा नई नौकरियां दी

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (जून तिमाही) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के बीच भी टाटा ग्रुप की इस दिग्गज आईटी कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजार को चौंका दिया है।

TCS का जून तिमाही रिजल्ट- India TV Hindi
Image Source : ANI TCS का जून तिमाही रिजल्ट

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने जून 2026 तिमाही के शानदार नतीजे पेश कर एक बार फिर अपनी मजबूती साबित कर दी है। कंपनी ने मुनाफे के साथ-साथ आय और कर्मचारियों की संख्या में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रदर्शन ने निवेशकों और आईटी सेक्टर को अच्छे संकेत दिए हैं।

मुनाफा बढ़कर पहुंचा ₹13,349 करोड़

कंपनी के मुताबिक, जून 2026 तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 12,760 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वहीं कंपनी की कुल रेवेन्यू में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला और यह करीब 14% बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। मार्च तिमाही के मुकाबले भी कंपनी की आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

9,200 से ज्यादा लोगों को मिली नौकरी

इस तिमाही की सबसे बड़ी खास बात यह रही कि TCS ने बड़े पैमाने पर नई भर्तियां भी कीं। अप्रैल से जून के बीच कंपनी में 9,200 से ज्यादा नए कर्मचारियों की भर्ती हुई। इसके साथ ही TCS के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,93,798 हो गई है। यह संकेत देता है कि कंपनी आने वाले समय में अपने कारोबार के विस्तार और नए प्रोजेक्ट्स को लेकर काफी आशावादी है।

वैश्विक चुनौतियों के बीच भी बरकरार रही रफ्तार

TCS के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार, कंपनी की रणनीति, ग्राहकों का भरोसा और नई तकनीकों पर फोकस लगातार विकास को गति दे रहे हैं।

शेयर में मामूली गिरावट, लेकिन भविष्य पर भरोसा कायम

हालांकि शानदार तिमाही नतीजों के बावजूद गुरुवार को शेयर बाजार में TCS का शेयर 0.52% की मामूली गिरावट के साथ 2,047.75 रुपये पर बंद हुआ। इसके बावजूद एक्सपर्ट्स का मानना है कि मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, बढ़ती आय और बड़े पैमाने पर भर्ती यह दिखाती है कि TCS भारतीय आईटी उद्योग की सबसे मजबूत कंपनियों में बनी हुई है और आने वाले समय में भी इसके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

यह भी पढ़ें- टाटा मोटर्स ने बनाया 20% मार्केट शेयर का मास्टर प्लान, AI और नई कारें बदल देंगी पूरा खेल

Latest Business News