1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्या एयरलाइन बिजनेस में उतरने जा रहा है अदाणी ग्रुप? कंपनी ने दिया बड़ा बयान; जानें पूरी सच्चाई

क्या एयरलाइन बिजनेस में उतरने जा रहा है अदाणी ग्रुप? कंपनी ने दिया बड़ा बयान; जानें पूरी सच्चाई

क्या एयरलाइन कारोबार में एंट्री करेगा अदानी ग्रुप? पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें चर्चा में थीं, लेकिन अब अदानी ग्रुप ने इस पूरे मामले पर अपना रुख साफ कर दिया है।

एयरलाइन बिजनेस में...- India TV Hindi
Image Source : ANI/CANVA एयरलाइन बिजनेस में एंट्री की खबरों का अदाणी ग्रुप ने किया खुलासा

देश के दिग्गज और सबसे बड़े एयरपोर्ट ऑपरेटर अदाणी ग्रुप के एयरलाइन बिजनेस में कदम रखने को लेकर बाजार में जारी अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। कंपनी ने शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार में चल रही चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए एक आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है।

अदाणी एंटरप्राइजेज के प्रवक्ता ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा कि एयरलाइन शुरू करने की योजना से जुड़ी खबरें पूरी तरह बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी एयरलाइन बिजनेस में उतरने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।

क्यों शुरू हुईं थीं एयरलाइन बिजनेस में एंट्री की अटकलें?

दरअसल, इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अदाणी ग्रुप ने सरकार से एयरपोर्ट निजीकरण के दौर वाले उस नियम में ढील देने की मांग की है, जो दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट ऑपरेटर्स को किसी कमर्शियल एयरलाइन में 10% से ज्यादा हिस्सेदारी रखने से रोकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर नियम में यह ढील मिलती, तो भविष्य में समूह के लिए अपनी एयरलाइन शुरू करने का रास्ता साफ हो जाता। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया था कि एयरलाइन लॉन्च करने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया था।

इंडिगो और एविएशन सेक्टर ने जताया था विरोध

अदाणी ग्रुप द्वारा नियम बदलने की कोशिशों की खबरों के सामने आते ही एविएशन इंडस्ट्री की मौजूदा एयरलाइंस ने इसका कड़ा विरोध जताया था। इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा था कि किसी एयरपोर्ट ऑपरेटर को खुद की एयरलाइन चलाने की अनुमति देना भारी हितों के टकराव (Conflict of Interest) को जन्म देगा, जिसका नुकसान अंततः यात्रियों को उठाना पड़ेगा। दूसरी ओर, सरकारी अधिकारियों का कहना था कि अगर कोई बदलाव होता भी है, तो एयरपोर्ट और एयरलाइन बिजनेस के बीच निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए जाएंगे।

एविएशन सेक्टर में अदाणी ग्रुप का दबदबा

भले ही अदाणी ग्रुप ने अपनी एयरलाइन लाने की खबरों को खारिज कर दिया हो, लेकिन एविएशन वैल्यू चेन में उसका दबदबा लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में अदाणी ग्रुप भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर है, जो मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित 8 हवाई अड्डों का संचालन करता है और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को विकसित कर रहा है।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- पोर्ट, पावर, एयरपोर्ट और ग्रीन एनर्जी में Adani का धमाल! गौतम अदाणी ने सुनाया अगले 5 साल का मास्टर प्लान

Latest Business News