SBI ने की बड़ी घोषणा, होम लोन रेट में की कटौती और प्रोसेसिंग फीस को किया खत्म
SBI ने की बड़ी घोषणा, होम लोन रेट में की कटौती और प्रोसेसिंग फीस को किया खत्म
India TV Paisa Desk
Published : Jan 08, 2021 02:43 pm IST, Updated : Jan 08, 2021 02:43 pm IST
बैंक ने कहा कि महिला ग्राहकों को इस नई ब्याज दर में अतिरिक्त 0.5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
Image Source : INDIA TVSBI announces up to 30 bps concession on home loans rates
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़ी सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) ने शुक्रवार को होम लोन पर ब्याज दरों में 0.30 प्रतिशत तक की कटौती करने के साथ ही प्रोसेसिंग फीस में 100 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। बैंक ने अपने एक बयान में कहा कि नए होम लोन की ब्याज दर सिबिल स्कोर से लिंक्ड होगी। बैंक ने कहा कि 30 लाख रुपये तक के होम लोन के लिए ब्याज दर 6.80 प्रतिशत से शुरू होगी। 30 लाख रुपये से अधिक के होम लोन के लिए ब्याज दर 6.95 प्रतिशत से शुरू होगी।
बैंक ने कहा कि महिला ग्राहकों को इस नई ब्याज दर में अतिरिक्त 0.5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। बयान में कहा गया है कि घर खरीदारों को एक आकर्षक छूट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई ने होम लोन पर 30 आधार अंकों तक की छूट देने और प्रोसिंसग शुल्क शतप्रतिशत खत्म करने की घोषणा की है।
बैंक ने कहा कि आठ मेट्रो शहरों में 5 करोड़ रुपये तक के होम लोन पर भी 30 आधार अंकों तक की छूट ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएगी। बैंक ने कहा कि उपभोक्ता अपने घर बैठे योनो एप के माध्यम से होम लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं और ऐसा करने पर उन्हें अतिरिक्त 0.5 प्रतिशत तक की छूट ब्याज दर में मिलेगी।
एसबीआई के मैनेजिंग डायरेक्टर (रिटेल एंड डिजिटल बैंकिंग) सीएस शेट्टी ने कहा कि हमें संभावित घर खरीदारों के लिए होम लोन की ब्याज दर में छूट की अवधि आगे बढ़ाने पर खुशी हो रही है और अब यह सुविधा मार्च, 2021 तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि बैंक के मौजूदा होम लोन ग्राहक भी योनो एप के माध्यम से पेपरलेस प्री-एप्रूव्ड टॉप-अप होम लोन ले सकते हैं।