1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. दिल्ली में घर खरीदने का सपना होगा सच, DDA दे रहा 25% की भारी छूट; सिर्फ ₹14.95 लाख में पाएं अपना फ्लैट

दिल्ली में घर खरीदने का सपना होगा सच, DDA दे रहा 25% की भारी छूट; सिर्फ ₹14.95 लाख में पाएं अपना फ्लैट

डीडीए की आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में 2,500 से ज्यादा 1-BHK रेडी-टू-मूव फ्लैट्स पर 25% की छूट दी जा रही है। इन फ्लैट्स की शुरुआती कीमत सिर्फ 14.95 लाख रुपये रखी गई है। खास बात यह है कि फ्लैट्स की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी।

दिल्ली में ₹14.95 लाख में...- India TV Hindi
Image Source : DDA OFFICIAL WEBSITE दिल्ली में ₹14.95 लाख में अपना घर पाने का मौका

राजधानी दिल्ली में खुद का आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) एक शानदार मौका लेकर आया है। डीडीए ने अपनी 'आवास निवेश योजना 2026' का ऐलान कर दिया है। इस योजना के तहत नरेला जैसे उभरते उपनगर में 1-BHK रेडी-टू-मूव-इन फ्लैट्स पर 25% की भारी छूट दी जा रही है। 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध इस पूरी तरह से ऑनलाइन योजना में केवल ₹14.95 लाख की शुरुआती कीमत पर दिल्ली में अपना घर बुक किया जा सकता है।

2500 से अधिक फ्लैट्स की सौगात

डीडीए की इस योजना के तहत नरेला के सेक्टर G2–G6 में कुल 2,516 1-BHK फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।

  • पॉकेट-6 (1496 फ्लैट्स): इस पॉकेट में 49.90 वर्ग मीटर के अनुमानित क्षेत्रफल वाले फ्लैट्स 25% की छूट के बाद मात्र ₹14.95 लाख में मिल रहे हैं।
  • पॉकेट-3 (1020 फ्लैट्स): 49.90 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इन फ्लैट्स की कीमत 25% छूट के बाद ₹15.01 लाख तय की गई है।

खरीदारों की सुविधा के लिए स्थल पर सैंपल फ्लैट्स भी देखने हेतु उपलब्ध हैं।

ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग की तारीखें

यदि आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो इन तारीखों को जरूर नोट कर लें:

  • 14 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे से पंजीकरण प्रारंभ होंगे।
  • 20 अक्टूबर 2026, दोपहर 12 बजे से बुकिंग शुरू होगी।

आवेदक डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.dda.gov.in या eservices.dda.gov.in पर जाकर पूरी तरह से ऑनलाइन माध्यम से फ्लैट बुक कर सकते हैं।

नरेला प्रोजेक्ट की कनेक्टिविटी

डीडीए का नरेला प्रोजेक्ट कनेक्टिविटी और बेहतरीन नागरिक सुविधाओं से लैस है:

  1. शानदार कनेक्टिविटी: आगामी सनोठ मेट्रो स्टेशन (रिठाला - नरेला - कुंडली कॉरिडोर) लगभग 2 किमी दूर है। इसके साथ ही आरआरटीएस (RRTS) कनेक्टिविटी भी प्रस्तावित है।
  2. उत्कृष्ट सड़क मार्ग: यूईआर-I (लगभग 1.5 किमी), यूईआर-II (लगभग 4 किमी) और जीटी करनाल रोड (लगभग 5 किमी) के जरिए कनेक्टिविटी आसान है।
  3. एजुकेशन और स्पोर्ट्स हब: कई विश्वविद्यालयों के लिए आवंटित भूमि के साथ यह एक उभरता शिक्षा केंद्र है। साथ ही सेक्टर A-7 में नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी प्रस्तावित है।
  4. हरित और योजनाबद्ध माहौल: यह आवासीय परिसर खुले स्थानों, हरित स्थलों और सभी आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त है।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए डीडीए के टोल-फ्री नंबर 1800110332 पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- मुंबई में घर खरीदने वालों की लगी होड़! जुलाई में 13,617 प्रॉपर्टी की हुई बिक्री; 14 साल का टूटा रिकॉर्ड

Latest Business News