1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर को मिली मंजूरी, इन दो बड़े शहरों के बीच दौड़ेगी हाईस्पीड ट्रेन

देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर को मिली मंजूरी, इन दो बड़े शहरों के बीच दौड़ेगी हाईस्पीड ट्रेन

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे ने देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर को चलाने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। यह ट्रेन वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलेगी, जिसके रूट में कानपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहर भी शामिल होंगे।

देश की दूसरी वंदे भारत...- India TV Hindi
Image Source : PTI देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर को मंजूरी

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। यह हाईस्पीड ट्रेन वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलेगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज में भी होगा। इससे पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश और औद्योगिक शहर कानपुर के यात्रियों को दिल्ली और वाराणसी के बीच सफर करने का नया ऑप्शन मिलेगा।

प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से रात 8:40 बजे रवाना होगी, जो ट्रेन रात 10:05 बजे प्रयागराज और करीब 11:50 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह करीब 4:50 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी। इस तरह वाराणसी से दिल्ली का सफर लगभग 8 घंटे 10 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है।

वापसी में रात 11:25 बजे नई दिल्ली से रवाना

वापसी की प्रस्तावित टाइमिंग के मुताबिक ट्रेन नई दिल्ली से रात 11:25 बजे चलेगी। यह तड़के करीब 3:30 बजे कानपुर और सुबह 5:38 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह करीब 7:35 बजे वाराणसी पहुंच सकती है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी इन समयों को आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया है। अंतिम समय-सारणी और संचालन की तारीख की घोषणा पीएमओ से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद होने की बात कही जा रही है।

Image Source : Ramesh Awasthi Facebook postकानपुर से सांसद रमेश अवस्थी का फेसबुक पोस्ट

कानपुर के यात्रियों को भी बड़ा फायदा

इस ट्रेन के कानपुर में ठहराव से दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। कानपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों और मध्य उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी तेज और आरामदायक रेल कनेक्टिविटी मिल सकती है। सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर में ट्रेन के ठहराव को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उनके अनुसार, इससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

823 बर्थ वाला होगा अत्याधुनिक स्लीपर रैक

प्रस्तावित ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे और इसमें करीब 823 बर्थ उपलब्ध होंगी। इसमें थर्ड एसी के 11 कोच, सेकेंड एसी के 4 कोच और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल होगा। शुरुआत में ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा रखे जाने की जानकारी है। बाद में इसे बढ़ाकर 160 किलोमीटर प्रति घंटा करने की योजना बताई जा रही है। ट्रेन का रैक ट्रायल के लिए तैयार बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कानपुर और आनंद विहार के बीच शुरू होगी रोजाना ट्रेन, इटावा-अलीगढ़ समेत इन स्टेशनों पर ठहराव; रेलवे ने जारी किया शेड्यूल

Latest Business News