कानपुर और दिल्ली-एनसीआर के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनलके बीच एक नई डेली मेल ट्रेन सेवा शुरू करने की हरी झंडी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच रातभर की यात्रा का एक और शानदार ऑप्शन यात्रियों को मिल गया है। रेलवे ने इस नई सेवा को ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार (टी)-कानपुर सेंट्रल मेल का नाम दिया है।
रेलवे ने जारी किया पूरा शेड्यूल
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन यात्रियों को रात के समय एक आरामदायक सफर का अनुभव कराएगी, ताकि यात्री सुबह अपनी मंजिल पर पहुंच सकें:
- ट्रेन संख्या 14153 (कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार): यह ट्रेन रोजाना कानपुर सेंट्रल से रात 20:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 04:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। कानपुर से दिल्ली की इस यात्रा में 8 घंटे 10 मिनट का समय लगेगा।
- ट्रेन संख्या 14154 (आनंद विहार से कानपुर सेंट्रल): वापसी दिशा में, यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से रोजाना रात 23:25 बजे प्रस्थान करेगी और अगली सुबह 07:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में यह सफर ठीक 8 घंटे में पूरा होगा।
रास्ते में इन 8 प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
कानपुर और आनंद विहार के बीच चलने वाली इस नई मेल ट्रेन के यात्रियों के लिए मार्ग के कई महत्वपूर्ण औद्योगिक और आवासीय शहरों से सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन के लिए 8 ठहराव तय किए हैं- फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद। इन ठहरावों की वजह से इटावा, अलीगढ़, हाथरस और गाजियाबाद जैसे शहरों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर आने-जाने के लिए सीधी और सुविधाजनक ओवरनाइट ट्रेन कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
दिल्ली-कानपुर रेल कॉरिडोर पर बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा
कानपुर से दिल्ली के बीच का रेल कॉरिडोर देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। दैनिक मेल सेवा के रूप में इस नई ट्रेन के शुरू होने से न केवल व्यापारिक और नौकरीपेशा यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि आम जनता को भी भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। सुविधाजनक समय और प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के कारण यह ट्रेन कानपुर, इटावा, अलीगढ़ और गाजियाबाद के बीच यात्री आवाजाही को और आसान बनाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से सुपौल तक स्पेशल ट्रेन का ऐलान, प्रयागराज-वाराणसी-छपरा-बरौनी होते हुए जाएगी ट्रेन; देखें पूरा टाइम टेबल