1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. टोल प्लाजा के 20 km के दायरे में रहने वालों की मौज! अब Rajmargyatra App से घर बैठे बनवा सकेंगे लोकल पास

टोल प्लाजा के 20 km के दायरे में रहने वालों की मौज! अब Rajmargyatra App से घर बैठे बनवा सकेंगे लोकल पास

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाईवे पर रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। अब टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग Rajmargyatra Mobile App के जरिए घर बैठे ही डिजिटल लोकल पास बनवा सकेंगे।

Rajmargyatra App से खरीद सकेंगे...- India TV Hindi
Image Source : CANVA Rajmargyatra App से खरीद सकेंगे टोल का लोकल पास

अगर आप किसी टोल प्लाजा के पास रहते हैं और रोजाना उसी रास्ते से सफर करते हैं, तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अब लोकल टोल पास बनाने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी है। अब पात्र लोग Rajmargyatra Mobile App के जरिए घर बैठे कुछ ही मिनटों में लोकल पास बनवा सकेंगे। इसके बाद उन्हें संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने अनलिमिटेड आवाजाही की सुविधा मिलेगी।

पहले लोकल टोल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा पर जाकर पहचान और पते से जुड़े डॉक्यूमेंट जमा करने पड़ते थे। अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। फिलहाल यह सुविधा दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा (UER-II) पर शुरू की गई है। NHAI का कहना है कि आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।

ऐसे होगी जांच

NHAI ने बताया कि नई डिजिटल व्यवस्था में DigiLocker और VAHAN प्लेटफॉर्म की मदद से यात्रियों का पता, वाहन नंबर और FASTag की जानकारी स्वतः सत्यापित हो जाएगी। इसके अलावा GIS आधारित लोकेशन वेरिफिकेशन के जरिए यह भी जांच होगी कि संबंधित व्यक्ति टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहता है या नहीं। इससे दस्तावेजों की जरूरत खत्म होगी और पूरी प्रक्रिया तेज व पारदर्शी बनेगी।

MargMitra से मिलेगी हर समस्या का समाधान

NHAI ने Rajmargyatra App में MargMitra Help Centre भी शुरू किया है। यह एक डिजिटल सहायता प्लेटफॉर्म है, जहां हाईवे से जुड़ी जानकारी, शिकायत और सहायता एक ही जगह मिलेगी। खास बात यह है कि यात्री अपनी समस्या 22 भारतीय भाषाओं में लिख या बोल सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड स्टेटस, लोकल पास, वार्षिक पास और अन्य सेवाओं से जुड़े सवालों का तुरंत जवाब देगा। यदि कोई समस्या तुरंत हल नहीं होती, तो उसी ऐप से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी और उसकी प्रगति भी रियल टाइम में देखी जा सकेगी।

हाईवे सफर होगा और आसान

Rajmargyatra App के जरिए यात्री FASTag ब्लैकलिस्ट स्टेटस भी देख सकेंगे, लंबित ई-नोटिस की जानकारी ले सकेंगे और सड़क पर खराब वाहन, अतिक्रमण या अन्य सुरक्षा संबंधी समस्याओं की रिपोर्ट भी कर सकेंगे। NHAI का मानना है कि इन नई डिजिटल सुविधाओं से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर पहले से अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- NHAI ने पंजाब-हरियाणा के 8 टोल प्लाजा पर बढ़ाया टैक्स, अब सफर करना होगा महंगा!

Latest Business News