1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. NHAI ने पंजाब-हरियाणा के 8 टोल प्लाजा पर बढ़ाया टैक्स, अब सफर करना होगा महंगा!

NHAI ने पंजाब-हरियाणा के 8 टोल प्लाजा पर बढ़ाया टैक्स, अब सफर करना होगा महंगा!

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 15, 2026 08:51 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 09:12 pm IST

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पंजाब और हरियाणा के कई प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल शुल्क बढ़ा दिया है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं, जिससे कार, बस और ट्रक चालकों को पहले से ज्यादा टोल टैक्स देना होगा।

NHAI ने 8 टोल प्लाजा पर...- India TV Hindi
NHAI ने 8 टोल प्लाजा पर बढ़ाया टैक्स Image Source : PTI

अगर आप पंजाब और हरियाणा के नेशनल हाईवे पर अक्सर सफर करते हैं, तो अब आपकी जेब पर ज्यादा बोझ पड़ने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इन राज्यों के कई प्रमुख टोल प्लाजा पर टोल शुल्क बढ़ा दिया है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इसका असर कार चालकों के साथ-साथ बस और ट्रक ऑपरेटरों पर भी पड़ेगा।

NHAI ने पंजाब और हरियाणा के 8 प्रमुख टोल प्लाजा पर यूजर फीस में संशोधन किया है। इनमें घुलाल, कोट करोर, काला टिब्बा, शेखूपुरा, लहरा बेगा, खुइयां सरवर, कालाझार और पेइंद टोल प्लाजा शामिल हैं। नई दरों के अनुसार कार और हल्के मोटर वाहनों के लिए ज्यादातर जगहों पर 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं बस और ट्रकों के टोल शुल्क में भी संशोधन किया गया है।

इन शहरों के यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

नई टोल दरों का सबसे ज्यादा असर चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट, बठिंडा, अबोहर, पटियाला, मौर और संगरूर के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ेगा। निजी वाहन चालकों के अलावा बस संचालकों और मालवाहक ट्रकों की परिचालन लागत भी बढ़ेगी, जिसका असर आगे चलकर परिवहन खर्च पर भी पड़ सकता है।

कुछ प्रमुख टोल प्लाजा की नई दरें

चंडीगढ़-खरड़-लुधियाना हाईवे के घुलाल टोल प्लाजा पर कार और हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 115 रुपये और दोतरफा 170 रुपये कर दिया गया है। वहीं बसों के लिए 390 रुपये और ट्रकों के लिए 580 रुपये शुल्क देना होगा। इसी तरह कोट करोर टोल प्लाजा पर कार का एक तरफ का टोल 50 रुपये और दोतरफा 70 रुपये होगा। बसों के लिए 165 रुपये और ट्रकों के लिए 250 रुपये तय किए गए हैं। शेखूपुरा टोल प्लाजा पर कार का एक तरफ का शुल्क 55 रुपये और दोतरफा 85 रुपये कर दिया गया है।

सफर से पहले नई दरें जरूर चेक करें

अगर आप इन मार्गों पर यात्रा करने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले संबंधित टोल प्लाजा की नई दरों की जानकारी जरूर ले लें। नई टोल दरों के लागू होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों के खर्च में बढ़ोतरी होना तय माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- टोल बचाने के चक्कर में बैरियर तोड़ा, अब NHAI ब्लॉक करेगा गाड़ी का नंबर, CCTV फुटेज से होगी सख्त कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा