A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्वेता सिंह डेथ केस: शादी वाले दिन दहेज की मांग, विदाई पर पिता ने पकड़े दूल्हे के पैर, 6 महीने में आई खुदकुशी की खबर

श्वेता सिंह डेथ केस: शादी वाले दिन दहेज की मांग, विदाई पर पिता ने पकड़े दूल्हे के पैर, 6 महीने में आई खुदकुशी की खबर

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 6 महीनों बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार सुबह उसके ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला।

मृतका की 6 महीने पहले...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका की 6 महीने पहले हुई थी शादी।

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। ये केस हूबहू भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ मिस्ट्री जैसा ही है। काशी विहार कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार सुबह ससुराल में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

6 महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक, श्वेता की शादी 22 नवंबर 2025 को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के काशी विहार निवासी शिवम सिंह के साथ हुई थी। शिवम एक निजी लैब में काम करता है। श्वेता का मायका विश्वनगर मल्हाई टोला में है। पिता उमेश कुमार सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

बुजुर्ग पिता ने पकड़े थे दामाद के पैर

पिता उमेश कुमार सिंह ने अपनी क्षमता से कहीं ज्यादा धूमधाम से श्वेता की शादी की थी। लेकिन शादी वाले दिन ही दूल्हे शिवम ने दहेज को लेकर एक बड़ी मांग रख दी थी। मांग तुरंत पूरी न होने पर वह इस कदर नाराज हुआ कि विदाई के समय श्वेता को उसके रिश्तेदारों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा था। तब अपनी बेटी के भविष्य और विदाई को संपन्न कराने के लिए श्वेता के बुजुर्ग पिता ने दामाद के पैर तक पकड़ लिए थे। 

Image Source : reporter inputपरिवार वालों ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया।

शनिवार रात बीमार मां से मिलकर लौटी, रविवार सुबह आई मौत की खबर

परिजनों के अनुसार, श्वेता की मां सविता सिंह एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार रात श्वेता मां को देखने के बाद ससुराल लौट गई थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि श्वेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मायके वालों का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक शव को नीचे उतारकर ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा चुका था। परिवार का दावा है कि घटना से पहले सुबह श्वेता की अपनी बहन ज्योति सिंह से बातचीत हुई थी और वह सामान्य लग रही थी।

मृतका के पिता ने क्या कहा?

मृतका के पिता उमेश कुमार सिंह का कहना है कि श्वेता के ससुराल वाले बार-बार दहेज को लेकर दबाव बनाते थे, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे उनकी मांगें पूरी कर सकें। पिता के मुताबिक, जिस दिन श्वेता अपनी मां को देखकर ससुराल गई थी, उस दिन तक वह पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य थी।

आरोपी पति गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11 बजे ससुराल से फोन आया कि श्वेता ने फांसी लगा ली है। जब तक परिवार मौके पर पहुंचा, तब तक शव को नीचे उतारा जा चुका था। पिता का आरोप है कि श्वेता के पैरों पर छाले है और जलने के निशान भी मिले हैं। उनका कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। परिवार ने पूरे मामले में दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।

मृतका के पिता ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, लखनऊ पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

Explainer: कितनी ट्विशा और दीपिका, रोते बिलखते मां बाप, भारत में कितने भयावह हैं दहेज से मौत के हालात

10 लाख दहेज की मांग न पूरी होने पर पति बना दरिंदा, गर्भवती पत्नी के पेट पर मारी लात, 2 गर्भस्थ शिशुओं की मौत