1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 10 लाख दहेज की मांग न पूरी होने पर पति बना दरिंदा, गर्भवती पत्नी के पेट पर मारी लात, 2 गर्भस्थ शिशुओं की मौत

10 लाख दहेज की मांग न पूरी होने पर पति बना दरिंदा, गर्भवती पत्नी के पेट पर मारी लात, 2 गर्भस्थ शिशुओं की मौत

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 12, 2026 09:58 am IST,  Updated : Apr 12, 2026 10:49 am IST

दहेज का लोभी पति घर में अक्सर पत्नी से झगड़ता रहता था। पत्नी से 10 लाख रुपये दहेज के रूप में देने की मांग कर रहा था। ऐसा न करने पर हैवान पति ने गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी। पहले भी वह पत्नी के पेट पर लात मार चुका है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी। पति ने दो बार अपनी पत्नी के पेट पर लात मारकर दो गर्भस्थ शिशुओं की हत्या कर दी। इस आरोप में महिला के पति और उसकी सास समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

पति समेत इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की इस मामले में आराधना शुक्ला (29) की तरफ से शनिवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में दी गई शिकायत के आधार पर उसके पति अभिनेष शुक्ला, सास गीता देवी और जेठ प्रदीप शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में जिले के गोपीगंज थाने में शनिवार को मामला दर्ज किया गया। 

परिवार के लोग करते थे प्रताड़ित

पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव त्यागी ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के गुदरीपुर निवासी आराधना शुक्ला की शादी इसी थाना क्षेत्र के भानु पुर सियरहा गांव के निवासी अभिनेष शुक्ला से 21 मई 2022 में हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोप है कि शादी में आराधना को खासा दहेज मिलने के बावजूद उसका पति, सास और जेठ 10 लाख रुपये की अलग से मांग करने लगे और पूरी नहीं होने पर वे उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। 

8 महीने की थी गर्भवती

त्यागी ने बताया कि आरोप है कि आराधना जब आठ माह की गर्भवती थी तभी उसके पति ने 10 लाख रुपये नहीं मिलने पर उसके पेट में कई बार लात मारी थी और उसकी हालत खराब देख उसे मायके भेज दिया था। उन्होंने बताया कि आराधना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उसके गर्भ में पल रहे आठ महीने के शिशु की पेट में मौत हो गई थी। 

पिछले साल भी गर्भवती पत्नी को पीटा था

त्यागी ने बताया कि कुछ रिश्तेदारों के समझाने पर अभिनेष शुक्ला उसे दिल्ली ले जाकर रहने लगा था। जहां उसकी मां और जेठ भी रहते थे। उन्होंने बताया कि आरोप है कि जुलाई 2025 में दूसरी बार आराधना के दो माह के गर्भवती होने पर फिर से 10 लाख रुपये की मांग को लेकर 20 सितंबर 2025 को आराधना को एक बार फिर बुरी तरह मारापीटा गया। इस दौरान उसके पति ने एक बार फिर उसके पेट पर लात मार दी। 

देता था जान से मारने की धमकी

एसपी ने कहा कि आराधना की हालत खराब होने बावजूद अभिनेष उसी दिन उसे मोटरसाइकिल से भदोही लाया और 21 सितंबर 2025 की देर शाम जिले के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर फिर से एकांत देख उसे बुरी तरह मारा और खून से लथपथ पत्नी को छोड़कर ये धमकी देते हुए चला गया की अगर 10 लाख रुपये लिये बगैर लौटे तो उसे जलाकर मार डाला जाएगा। 

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

त्यागी के मुताबिक, दर्ज मामले में आराधना ने बताया है कि उसने मायके वालों को खबर दी तब उन्होंने उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया और दूसरी बार भी उसके दो माह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला का आरोप है कि इसी साल जनवरी में उसने महिला थाने और गोपीगंज थाने में मामला दर्ज करने के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद महिला ने उनसे शिकायत की थी। त्यागी ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।