किसी के भी जीवन में कभी ना कभी कोई परेशानी आ सकती है। ऐसे में कुछ लोग अपनी परेशानियों को अपने अंदर दबाकर रख लेते हैं। वहीं, ज्यादातर लोग अपने किसी करीबी से अपनी सारी बातें साझा करना बेहतर समझते हैं। कुछ लोग मुश्किल वक्त में भगवान को याद करते हैं और उनसे अपनी सारी दिक्कतों का हल मिलने की आस भी लगाते हैं। इसी से जुड़ा एक मजेदार वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक शख्स कृष्ण भगवान की मूर्ति के सामने बैठकर अपनी परेशानियां गिनवा रहा है। इस शख्स की एक या दो परेशानी नहीं बल्कि पूरी लिस्ट है जिसे वो भगवान के सामने पेश करता है। उसकी परेशानियां सीरियस नहीं हैं बल्कि ये ऐसी परेशानियां हैं जिन्हें सुनकर आप भी हंस-हंसकर लोट-पोट हो जाएंगे।
ये शख्स भगवान की मूर्ति के सामने बैठकर कहता है कि ‘हे भगवान, नोटबंदी में बहुत नुकसान हुआ, जीएसटी से तकलीफ है, पेट्रोल महंगा हो गया, शेयर मार्केट में घाटा हुआ, बिजली वाले परेशान कर रहे हैं, लॉकडाउन चालू है, बीवी झगड़ा करती है… मैं क्या करूं भगवान।’ इसके बाद भगवान की आवाज आती है ‘देख भाई, तेरे को नीचे नहीं जम रहा हो तो ऊपर आ जा। कोरोना की स्कीम अभी चालू है।’
जिसके बाद शख्स झट-पट उठकर कहता है कि ‘नहीं, नहीं प्रभु सब ठीक है।’ इतना कहकर वो चला जाता है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग अपनी हंसी को नहीं रोक पा रहे हैं और लगातार इस पर कमेंट कर रहे हैं।
बता दें कि इस मजेदार वीडियो को बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है, जिसे अबतक 17 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। जबकि, 100 से ज्यादा रि-ट्वीट्स हो चुके हैं। साथ ही इस मजेदार वीडियो को सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
पढ़ें वायरल से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें-