A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कंबोडिया के अंकोरवाट UNESCO Site पर आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, कई घायल

कंबोडिया के अंकोरवाट UNESCO Site पर आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, कई घायल

कंबोडिया के ऐतिहासिक और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल अंकोरवाट में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। मारे गए सभी लोग कंबोडियाई नागरिक हैं।

कंबोडिया का ऐतिहासिक और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल अंकोरवाट- India TV Hindi
Image Source : AP कंबोडिया का ऐतिहासिक और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल अंकोरवाट

बैंकॉक: कंबोडिया के प्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर परिसर में घूमने गए 3 लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह स्थल यूनेस्को की ऐतिहासिक धरोहरों की सूची में शामिल है। पर्यटक शुक्रवार दोपहर को मुख्य मंदिर के आसपास शरण ले रहे थे तभी बिजली गिरी। 

पर्यटन मंत्री ने लोगों से ऑनलाइन पोस्ट हटाने को कहा

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में घटना के बाद 2 एंबुलेंस को आते हुए देखा गया। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों को कुछ घायलों को ले जाते हुए और दूसरों को बाहर निकलने में मदद करते हुए देखा गया। घटना के अगले दिन कंबोडिया के पर्यटन मंत्री हौत हक ने एक बयान जारी कर लोगों से घटना से जुड़े ऑनलाइन पोस्ट हटाने को कहा, साथ ही कहा कि नकारात्मक सूचना के प्रसार से देश के पर्यटन क्षेत्र को नुकसान हो सकता है। 

कंबोडियाई नागरिक थे सभी मृतक

अधिकारियों ने घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन सोमवार को एक अधिकारी ने मामले की संवेदनशीलता के कारण नाम ना बताने की शर्त पर ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से बातचीत करते हुए इस बात की पुष्टि की कि बिजली गिरने से 3 लोग मारे गए हैं जो सभी कंबोडियाई नागरिक हैं। अंकोरवाट स्थल के प्रवक्ता और क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। प्रधानमंत्री हुन मानेट नीत कंबोडिया सरकार सूचनाओं पर कड़ी पकड़ रखती है।  (एपी)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में तूफान ने मचाई तबाही, 3 लोगों की हुई मौत; 11 घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ भयानक बम विस्फोट, 4 की मौत; घायल हुए 20 लोग

Latest World News