1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ भयानक बम विस्फोट, 4 की मौत; घायल हुए 20 लोग

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हुआ भयानक बम विस्फोट, 4 की मौत; घायल हुए 20 लोग

 Published : May 19, 2025 11:47 am IST,  Updated : May 19, 2025 11:47 am IST

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर भीषण बम धमाका हुआ है। यह धमाका किला अब्दुल्ला जिले में जब्बार मार्केट के पास हुआ है। विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई है और 20 अन्य लोग घायल हुए हैं।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ बम विस्फोट (प्रतीकात्मक तस्वीर)- India TV Hindi
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ बम विस्फोट (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI

कराची: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक बाजार के पास बम विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई है और 20 अन्य घायल हो गए है। सोमवार को मीडिया में आई खबरों से इस बारे में जानकारी मिली है। विस्फोट रविवार को बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले में जब्बार मार्केट के पास हुआ, जिससे कई इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और दहशत फैल गई। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, विस्फोट के बाद कई दुकानें ढह गईं और कई प्रतिष्ठानों में आग लग गई।

इलाके को किया गया सील

किला अब्दुल्ला के उपायुक्त रियाज खान ने बताया कि विस्फोट में 4 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह बाजार फ्रंटियर कोर (एफसी) किले की पिछली दीवार के पास स्थित था। विस्फोट के बाद अज्ञात हमलावरों और एफसी कर्मियों के बीच गोलीबारी भी हुई। घमाके के बाद अधिकारियों ने इलाके को सील कर दिया है, तलाशी अभियान शुरू किया गया है साथ ही इलाके को खाली कराया जा रहा है। घायलों में कबायली बुजुर्ग हाजी फैजुल्लाह खान गबीजई का एक सुरक्षा गार्ड और कई अन्य लोग शामिल हैं। 

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ बम विस्फोट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Image Source : APपाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हुआ बम विस्फोट (प्रतीकात्मक तस्वीर)

हाल ही में हुई थी गोलीबारी

जब्बार मार्केट के पास हुआ धमाका खुजदार जिले के नाल इलाके में हुई गोलीबारी के कुछ दिनों बाद हुआ है। नाल इलाके में एक चेक पोस्ट को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। इस गोलीबारी में 4 लेवी कर्मियों की मौत हो गई थी।  पाकिस्तान में लेवी कर्मी अर्द्ध-सैनिक बल होते हैं जो बलूचिस्तान जैसे जनजातीय क्षेत्रों, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होते हैं। 

अशांत है बलूचिस्तान प्रांत

बलूचिस्तान लगभग 2 दशकों से अशांति का सामना कर रहा है और स्थानीय जातीय बलूच समूहों और पार्टियों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हुए कई घातक हमले किए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किए बिना भी रूस पूरे कर सकता है अपने अभियान, जानें पुतिन ने और क्या कहा

America: ट्रेन की चपेट में आए कई पैदल यात्री, कम से कम 2 लोगों की हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश