चीन की "क्रॉस बॉर्डर ब्राइड मैचमेकिंग" का पर्दाफाश, नेपाली लड़कियों को पैसे से अपनी दुल्हन बनाकर फिल्माते थे अंतरंग VIDEO
चीनी एजेंसियां नेपाली लड़कियों को पैसे से खरीदवाकर चीनी नागरिकों की दुल्हन के तौर पर पेश कर रही थी। इसके बाद चीनी नागरिक उन्हें अपनी दुल्हन के रूप में रखते और उनकी अंतरंग वीडियो बनाकर दोस्तों और सोशल मीडिया पर शेयर करते। अब इसका पर्दाफाश हो गया है।
नेपाल/बीजिंग: नेपाल में चीनी ब्रोकर्स द्वारा "क्रॉस बॉर्डर ब्राइड मैचमेकिंग" का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। नेपाल के अधिकारियों ने सीमा-पार अवैध मैचमेकिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एक चीनी मीडिया रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चीनी ब्रोकर्स ऑनलाइन मध्यस्थ नेपाली महिलाओं को चीनी नागरिकों के लिए संभावित दुल्हन के रूप में प्रचारित कर रहे थे। पैसे से नेपाली लड़कियों को खरीदकर अपनी दुल्हन के रूप में उनके साथ किराये के अपार्ट में चीनी नागरिक रहना शुरू कर देते। फिर उनके साथ अंतरंग पलों का वीडियो बनाकर चीन में विभिन्न प्लेटफॉर्म पर इसे शेयर करते थे।
नेपाल के इमिग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ा रैकेट
दुल्हन खरीदने" के खिलाफ कार्रवाई तब तेज हुई जब पिछले महीने नेपाल के इमिग्रेशन अधिकारियों ने राजधानी काठमांडू में कई युवा नेपाली महिलाओं को चीनी नागरिकों के साथ किराए के अपार्टमेंट में रहते पाया। पूछताछ में चीनी पुरुषों ने स्वीकार किया कि वे महिलाओं की अंतरंग वीडियो फिल्मा रहे थे और उन्हें चीन में दोस्तों को भेज रहे थे। साथ ही सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे थे। हालांकि उन्होंने रिकॉर्डिंग के उद्देश्य को स्पष्ट रूप से नहीं बताया। अधिकारियों ने वीजा उल्लंघन के लिए चार चीनी नागरिकों को यह कहते हुए निर्वासित कर दिया कि महिलाओं को चीन में जबरन शादी के लिए मजबूर करने के आरोपों पर आपराधिक आरोप लगाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं।
चीनी दूतावास ने मामला खुलने के बाद अपने नागरिकों को चेताया
मामले का खुलासा होने पर नेपाल में चीनी दूतावास ने भी नए साल की यात्रा सलाह जारी करते वक्त अपने नागरिकों को देश में "दुल्हन खरीदने" के खिलाफ चेतावनी दी है। चीनी दूतावास ने अपने नागरिकों को मैचमेकिंग एजेंसियों और ब्रोकर्स पर आंख मूंदकर भरोसा न करने की सलाह दी और जोर दिया कि धोखाधड़ी या लाभ-उन्मुख सीमा-पार मैचमेकिंग चीनी कानून के तहत अवैध है। सीमा-पार विवाह में शामिल कानूनी, सांस्कृतिक, संपत्ति विभाजन और बच्चे की कस्टडी जोखिमों को पूरी तरह समझें। सीमा-पार मैचमेकिंग पर आसानी से विश्वास न करें... अवैध विवाह ब्रोकर्स से दूर रहें।"शुक्रवार को पोस्ट की गई यह चेतावनी नेपाल में चीनी नागरिकों से जुड़ी संदिग्ध अवैध मैचमेकिंग गतिविधियों की हालिया घटनाओं के बाद आई है, साथ ही ऑनलाइन ब्रोकर्स का दक्षिण एशिया की ओर बढ़ता रुझान भी है।
65 हजार से 24 लाख रुपये तक थी नेपाली दुल्हनों की कीमत
चीनी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ मैचमेकिंग एजेंसियां 5,000 युआन (713 अमेरिकी डॉलर) यानि करीब 65 हजार से से 188,000 युआन (26,830 अमेरिकी डॉलर) यानी 24 लाख रुपये तक चार्ज कर रही थीं और प्रक्रिया को "सरल और आसान" बताकर प्रचारित कर रही थीं। चीनी दूतावास ने अपने बयान में कहा कि हाल के वर्षों में कई चीनी नागरिक जो अवैध मैचमेकिंग एजेंसियों के माध्यम से नेपाल में पत्नी ढूंढने आए थे, उन्हें मानव तस्करी, बाल विवाह, बलात्कार और अन्य अपराधों के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। शोधकर्ता चीन में विदेशी दुल्हनों की मांग को अक्सर उसके असंतुलित लिंग अनुपात से जोड़ते हैं, जिसके आधिकारिक आंकड़े लगभग 104 पुरुष प्रति 100 महिलाएं बताते हैं।
क्या है ब्राइड मैचेमेकिंग
ब्राइड मैचमेकिंग गरीब देशों की लड़कियों को दुल्हन बनाकर अमीर देशों में बेचने का अवैध जरिया है। चीन में दशकों की जन्म नियंत्रण नीतियों और बेटे की सांस्कृतिक प्राथमिकता से बने इस असंतुलन ने लाखों पुरुषों को साथी ढूंढने में संघर्ष पैदा कर दिया है। इस वजह से कुछ भुगतान वाली ऐसी मैचमेकिंग सेवाओं की ओर मुड़ते हैं जो विदेश में विवाह सुविधाजनक बनाने का दावा करती हैं। कार्यकर्ता और अधिकारी कहते हैं कि ऐसी सेवाएं अक्सर गरीब देशों की युवा महिलाओं का शोषण करती हैं, गरीबी से बाहर निकलने के रास्ते के रूप में विवाह को बढ़ावा देती हैं। जबकि कानूनी, वित्तीय और व्यक्तिगत जोखिमों को छिपाती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इससे पहले नेपाल के अलावा लाओस, म्यांमार और वियतनाम की महिलाओं और लड़कियों को भी चीन में तस्करी करके पत्नी के रूप में बेचा गया है।
यह भी पढ़ें
तुर्की पुलिस की ISIS के आतंकवादियों से मुठभेड़, 6 हमलावर और एर्दोगन के 3 जवान हुए ढेर
