दुनिया में टेंशन के बीच चीन ने बढ़ा दिया डिफेंस बजट, 10 प्रतिशत की कर दी बढ़ोतरी, कितने अरब डॉलर करेगा खर्च?
दुनिया में जारी युद्ध और टेंशन के बीच चीन ने अपना डिफेंस बजट बढ़ा दिया है। चीन ने गुरुवार को अपने रक्षा बजट में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है और इसे 275 अरब डॉलर तक पहुंचा दिया है।
दुनियाभर में इस वक्त युद्ध और तनाव के बादल मंडरा रहे हैं। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं। वहीं, ईरान खाड़ी के कई देशों पर मिसाइल बरसा रहा है। दुनिया में इस तनाव भरे माहौल के बीच चीन ने भी बड़ा कदम उठा लिया है। जानकारी के मुताबिक, चीन ने गुरुवार को अपने डिफेंस यानी रक्षा बजट को 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है। इसके साथ ही चीन का रक्षा बजट 275 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है। बता दें कि पहले के मुकाबले चीन ने रक्षा बजट में 25 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी की है।
क्या है बजट का मकसद?
चीन के इस विशाल रक्षा बजट का मकसद अपने सशस्त्र बलों का तेजी से आधुनिकीकरण करना और अमेरिका की सेना की बराबरी करना है। चीन के प्रधानमंत्री ने नेशनल पीपुल्स कांग्रेस में पेश की गई अपनी वर्क रिपोर्ट में कहा है कि राष्ट्रीय रक्षा के लिए लगभग 1.9 ट्रिलियन युआन (करीब 275 अरब डॉलर) का आवंटन किया जाएगा। आपको बता दें कि चीन ने इससे पहले साल 2025 में अपने डिफेंस बजट में 7.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी और इसे 249 अरब डॉलर करने का ऐलान किया था।
लगातार रक्षा बजट बढ़ा रहा चीन
बता दें कि बीते कुछ समय से चीन बीते कुछ साल से अपने रक्षा बजट में लगातार बढ़ोतरी कर रहा है। अमेरिका के बाद चीन का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रक्षा बजट है। इस कारण चीन के पड़ोसी देशों पर भी रक्षा बजट को बढ़ाने का दवाब बढ़ता जा रहा है। साल 2024 में चीन ने अपने रक्षा बजट में 7.2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी और इसे 232 अरब डॉलर (1.67 ट्रिलियन युआन) कर दिया था। ये भारत के रक्षा बजट से तीन गुना ज्यादा है। हालांकि, विशेषज्ञ चीन के रक्षा बजट के आंकड़ों पर संदेह भी जताते रहे हैं और दावा करते रहे हैं कि चीन का वास्तविक रक्षा बजट कहीं ज्यादा है।
चीन लगातार अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है। चीन ने बीते कुछ समय में एयरक्राफ्ट कैरियर, उन्नत नौसैनिक जहाज, 5वीं पीढ़ी के स्टील्थ विमान का निर्माण तेजी से किया है। बता दें कि चीन ने इस साल के लिए अपनी GDP के वृद्धि लक्ष्य को घटाकर 4.5-5 प्रतिशत के बीच कर दिया है। (इनपुट: AP)
ये भी पढ़ें- 'ईरान पर हमला मंजूर नहीं', आ गया चीन का पहला रिएक्शन, किम जोंग ने भी की निंदा
