ईरान, अमेरिका और इजराइल युद्ध का आज पांचवां दिन है। जैसे-जैसे दिन गुजर रहे हैं, जंग भीषण होती जा रही है। पूरे मिडिल ईस्ट में इस वक्त तबाही का मंज़र है। अमेरिका और इज़रायल की फौज ईरान पर ताबड़तोड़ अटैक कर रही है। इस बीच इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी कि ईरान जिसे भी देश का अगला सुप्रीम लीडर चुनेगा, उसका ''खात्मा'' यहूदियों का लक्ष्य होगा।
इजराइली रक्षा मंत्री की यह टिप्पणी उस दिन आई जब ईरान ने 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद दूसरी बार अपने सुप्रीम लीडर का चुनाव किया है। अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों में शनिवार को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद इस्लामी राष्ट्र ने रविवार को बदला लेने की कसम खाई।
खामेनेई के बेटे मोजतबा संभालेंगे देश की कमान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया है। ईरान इंटरनेशनल ने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से बताया, "विशेषज्ञों की सभा ने अली खामेनेई के बेटे मोजतबा को अगला सर्वोच्च नेता चुना है।"
इजराइली रक्षा मंत्री ने और क्या कहा?
इजराइल के रक्षा मंत्री ने X पर एक पोस्ट में कहा, ''इजराइल को नष्ट करने, अमेरिका और आजाद दुनिया तथा क्षेत्र के अन्य देशों को धमकाने और ईरानी जनता को दबाने की साजिश को जारी रखने तथा उसका नेतृत्व करने के लिए ईरान के आतंकी शासन द्वारा नियुक्त किए गए हर नेता का 'खात्मा' स्पष्ट रूप से हमारा लक्ष्य होगा।'' उन्होंने जोर देकर कहा, ''यह मायने नहीं रखता कि उसका नाम क्या है या वह कहां छिपा है।'' उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री और मैंने इजराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) को ऑपरेशन 'लायंस रोर' के उद्देश्यों के अभिन्न अंग के रूप में मिशन को अंजाम देने के लिए तैयार रहने और हर तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।''
इजराइल ने F35 से ईरान का याक-130 गिराया
वहीं, बड़ी खबर है कि अमेरिका और इज़रायल ने एक बार फिर ईरान पर बमबारी शुरू कर दी है। तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर भयंकर एयरस्ट्राइक हो रही है। अमेरिका और इज़राइल इस वक्त ईरान के कुर्द इलाकों पर भी बम बरसा रहे हैं। इज़राइल ने दावा किया है कि उसके फाइटर जेट ने तेहरान में घुसकर ईरानी याक-130 फाइटर जेट को मार गिराया है। इज़राइल के फाइटर जेट अभी लेबनान के बेरूत में भी हवाई हमले कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
EXCLUSIVE: मध्य-पूर्व की जंग में दोहराई जा रही हिटलर वाली गलती? एक्सपर्ट ने बताई ईरानी स्ट्रैटेजी की सबसे बड़ी खामी
रिपोर्ट: ईरान को मिला नया सुप्रीम लीडर, खामेनेई के बेटे मोजतबा संभालेंगे देश की कमान, जानें उनके बारे में
Latest World News