Kim Jong Un And His Daughter Tank Ride: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बेटी के साथ टैंक की सवारी की है। किम की बेटी का नाम किम जू ए है और उसकी उम्र लगभग 13 साल है। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को इसकी तस्वीरें जारी की हैं। हाल ही में किम और उनकी बेटी ने रॉकेट्स को लॉन्च होते हुए देखा था और पिस्तौल भी चलाई थी। यह घटना उत्तर कोरिया की सैन्य तैयारियों को और मजबूत करने का संकेत दे रही है।
कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने जारी की तस्वीर
आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के अनुसार, गुरुवार को किम ने टैंक यूनिट और अन्य अभ्यासों का निरीक्षण किया। उन्होंने सैनिकों से जंग के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा है। तस्वीरों में किम और उनकी बेटी दोनों काले रंग की जैकेट पहने दिख रहे हैं। दोनों टैंक में अन्य सैनिकों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। लड़की को टैंक के हैच से सिर बाहर निकालते हुए देखा गया, जबकि किम टैंक के ऊपर बैठे मुस्कुरा रहे हैं।
पिता के साथ बीजिंग गई थी किम जू ए
सरकारी मीडिया उसे किम जोंग उन की 'सबसे प्यारी' या 'सम्मानित' बेटी कहता है। दोनों की तस्वीरें और वीडियो अक्सर जारी किए जाते हैं। पिछले हफ्ते दोनों ने एक गोला-बारूद कारखाने का दौरा किया और वहां पिस्तौल चलाई थी। उन्होंने कई रॉकेट लॉन्चर सिस्टम के लाइव फायर परीक्षण भी देखे थे। पिछले साल सितंबर में किम जू ए अपने पिता के साथ बीजिंग भी गई थी।
Image Source : apKim Jong Un And His Daughter
दक्षिण कोरिया ने क्या कहा?
दक्षिण कोरिया की जासूसी एजेंसी ने पिछले महीने कहा था कि किम जोंग उन अपनी बेटी को उत्तराधिकारी बनाने के बहुत करीब हैं। कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि किम जू ए को अगली नेता बनाया जा रहा है। कई दूसरे विशेषज्ञ इससे सहमत नहीं हैं, वो कहते हैं कि किम जोंग उन अभी काफी युवा हैं और उत्तर कोरिया की सत्ता व्यवस्था बहुत पुरुष प्रधान है इसलिए बेटी के उत्तराधिकारी बनने में दिक्कतें आ सकती हैं।
किम की बहन ने दी थी चेतावनी
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच सैन्य अभ्यास जारी है। उत्तर कोरिया इस तरह के अभ्यास को संभावित हमलों से जोड़कर देखता है। सैन्य अभ्यास को लेकर हाल ही में किम की बहन किम यो जोंग ने चेतावनी दी थी कि यह अमेरिका और दक्षिण कोरिया की 'उत्तर कोरिया के प्रति पुरानी और गहरी नफरत' को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें:
इजरायल ने किया हमला, लाइव कवरेज के दौरान रिपोर्टर को छू कर निकली मौत, वीडियो में देखें कैसे गिरी मिसाइल
इजरायली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- 'ईरान कर रहा ब्लैकमेल करने की कोशिश, नहीं होने देंगे कामयाब'
Latest World News