1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- 'ईरान कर रहा ब्लैकमेल करने की कोशिश, नहीं होने देंगे कामयाब'

इजरायली PM नेतन्याहू का बड़ा बयान, बोले- 'ईरान कर रहा ब्लैकमेल करने की कोशिश, नहीं होने देंगे कामयाब'

 Published : Mar 20, 2026 06:36 am IST,  Updated : Mar 20, 2026 06:41 am IST

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जंग के बीच कहा है कि ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नहीं है। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि ईरान दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू Image Source : AP

Israel US Iran War: इजरायल-अमेरिका और ईरान में जारी जंग के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान दिया है। इजराइली पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के पास अब यूरेनियम संवर्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नहीं है। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर इजरायल ईरान के प्राकृतिक गैस फील्ड पर किसी भी और हमले को रोक देगा। 

क्या हैं इजरायल के लक्ष्य?

पीएम नेतन्याहू ने कहा, "हमारे 3 लक्ष्य हैं - पहला, परमाणु खतरे को खत्म करना। दूसरा, बैलिस्टिक मिसाइल के खतरे को खत्म करना और तीसरा, ईरानी लोगों के लिए ऐसे हालात बनाना जिससे वो अपनी आजादी हासिल कर सकें और अपनी किस्मत का फैसला खुद कर सकें। हम दशकों से चेतावनी देते आ रहे हैं कि उनके बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम का इस्तेमाल दूर-दूर तक फैले ठिकानों पर हमला करने के लिए किया जाएगा और अगर उन्हें नहीं रोका गया, तो यह तो बस शुरुआत होगी।"

'ईरान कर रहा है ब्लैकमेल करने की कोशिश'

इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा, "ईरान अहम अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट को बंद करके दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है। यह कामयाब नहीं होगा। इजरायल अपने तरीके से और खुफिया जानकारी जैसे अन्य माध्यमों से, होर्मुज को खोलने के अमेरिकी प्रयासों में मदद कर रहा है। जरा सोचिए कि अगर अयातुल्ला शासन के पास परमाणु हथियारों से लैस बैलिस्टिक मिसाइलें होतीं, तो वो पूरी दुनिया को किस तरह ब्लैकमेल कर पाते।"

'मैं जिंदा हूं'

बेंजामिन नेतन्याहू ने इस दौरान यह भी कहा कि मैं जिंदा हूं और आप सब इसके गवाह हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में, अमेरिका और इजरायल ईरान में बड़े संकल्प और बेमिसाल ताकत के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' को अयातुल्ला शासन से पैदा होने वाले अस्तित्व के खतरों को खत्म करने के लिए तैयार किया गया है। यह वही शासन है जिसने 47 सालों से अमेरिका, इजरायल और ईरान की जनता के खिलाफ जंग छेड़ रखी है। यह 'अमेरिका का नाश हो', 'इजरायल का नाश हो' के नारे लगाता है और अपने ही लोगों को मौत देता है।"

'ईरान तबाह हो रहा है'

इजरायल के प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, "हम जीत रहे हैं और ईरान तबाह हो रहा है। ईरान के मिसाइल और ड्रोन के जखीरे को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है और उसे नष्ट कर दिया जाएगा। हमने मिसाइलों और बहुत सारे परमाणु ढांचे को नष्ट कर दिया है। ईरान की हवाई सुरक्षा बेकार हो चुकी है, उसकी नौसेना समुद्र की गहराइयों में पड़ी है अभी और भी काम बाकी है, और हम उसे पूरा करेंगे।"

यह भी पढ़ें:

इजरायल के विदेश मंत्री गिडोनसार ने ईरान से युद्ध के दौरान एस जयशंकर से की बात, तेहरान के खिलाफ की शिकायत

Iran US War: ईरान से 20 दिनों की ही जंग में कंगाल हो गया अमेरिका, पेंटागन ने आगे के युद्ध के लिए मांगे 200 अरब डॉलर

 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश