1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. PoK में पाकिस्तानी सेना ने की बर्बरता, 18 की मौत: ड्रोन से प्रदर्शनकारियों पर बम बरसाए, लाशें तक नहीं उठाने दीं

PoK में पाकिस्तानी सेना ने की बर्बरता, 18 की मौत: ड्रोन से प्रदर्शनकारियों पर बम बरसाए, लाशें तक नहीं उठाने दीं

पाकिस्तान की फौज ने POK के लोगों पर ड्रोन से बम बरसाए। निहत्थे लोगों पर सामने से अंधाधुंध फायरिंग की गई जिसमें 18 लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों को लाशें उठाने तक का मौका नहीं दिया गया।

रावलाकोट में...- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA रावलाकोट में पाकिस्तानी रेंजर्स, फ्रंटियर कॉर्प्स और पुलिस ने मिलकर आम लोगों को निशाना बनाया।

POK की राजधानी मुजफ्फराबाद से सिर्फ 41 किलोमीटर दूर रावलाकोट में आज आसिम मुनीर की फौज ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। पाकिस्तान के फौजियों ने रावलाकोट में ऐसे अटैक किया जैसे किसी देश के खिलाफ जंग छेड़ दी हो। ड्रोन और रॉकेट से हमला किया। उनके टारगेट पर POK के आम लोग निहत्थे लोग थे। इन लोगों का कसूर ये है कि वो 5 महीने से अपने बुनियादी हकों की मांग के लिए प्रोटेस्ट कर रहे हैं।

सैकड़ों की भीड़ आज सुबह-सुबह रावलाकोट में बस टर्मिनल पर जमा हुई थी लेकिन प्रदर्शन शुरू होता, उससे पहले ही तैयारी करके बैठे रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर वहां RPG-7 रॉकेट से हमला कर दिया। लोगों में अफरा तफरी मची तो पाकिस्तानी सेना ने भाग रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

घायलों को उठाकर भाग रहे लोगों पर गोलियों की बौछार

पाकिस्तानी रेंजर्स और पुलिस की फायरिंग में 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार बच्चे हैं। लोगों को लाशें उठाने तक का मौका नहीं दिया गया। जो लोग घायलों को उठाकर भागे, उनके ऊपर भी निशाना साधकर गोलियां चलाई गईं।

PoK में क्यों भड़की हिंसा?

असल में, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में जून से ही विरोध प्रदर्शनों का दौर चल रहा है। ज्वाइंट आवामी एक्शन कमेटी ने प्रोटेस्ट की कॉल दी थी। हजारों लोग सड़कों पर उतरे और सरकार से सस्ते आटे व खाने पीने की चीजों के दाम कम करने की मांग की। लेकिन शहबाज शरीफ ने लोगों की बात सुनने के बजाए एक्शन कमेटी के नेताओं को जेल में डाल दिया। ज्वाइंट आवामी एक्शन कमेटी को बैन कर दिया, इससे भी बात नहीं बनी तो पुलिस से लाठीचार्ज करवाया। सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया, इससे लोगों की नाराजगी बढ़ गई। पूरे PoK में प्रोटेस्ट शुरू हो गए। पाकिस्तान से आजादी के नारे लगने लगे तो शहबाज शरीफ ने मुनीर की फौज को मैदान में उतार दिया।

प्रदर्शनकारियों पर ड्रोन से बम बरसाए, रॉकेट लॉन्चर्स से घरों पर अटैक

पहले मुजफ्फराबाद में फायरिंग हुई लेकिन लोग नहीं डरे। दूसरे शहरों में आजादी मार्च निकलने लगे तो आज रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों पर ड्रोन से बम बरसाए। रॉकेट लॉन्चर्स से घरों पर अटैक किया जिससे कई घर तबाह हो गए। कई इलाकों में आग लग गई, पूरे शहर में अफरा तफरी मच गई। पाकिस्तानी रेंजर्स ने जान बचाकर भागते लोगों को भी नहीं बख्शा। इस हमले में 18 लोगों की मौत की खबर है जबकि दर्जनों लोग बुरी तरह जख्मी हैं।

PoK के लोगों का कहना है कि पाकिस्तानी रेंजर्स घरों को निशाना बनाकर हमले कर रहे हैं। बच्चों और महिलाओं पर गोलियां चला रहे हैं। उनका दावा है कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने अब तक डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया है।

पोलियो टीम की सुरक्षा में तैनात 2 पुलिसकर्मियों की हत्या

इस घटना से दो दिन पहले ही पाकिस्तान में पोलियो अभियान चला रही टीम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर गोलियों की बौछार कर दी गई थी। हमले में 2 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें-

अमेरिका ने ईरान पर शुरू किए हमले, केशम द्वीप को बनाया निशाना, कई धमाके हुए

आर्मेनिया में सांसदों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, महिलाओं के मुद्दे पर शुरू हुआ था बवाल

Latest World News