A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मिडिल ईस्ट में ये हो क्या रहा है? इजरायल ने कहा- नेतन्याहू चुपके से UAE गए, यूएई बोला- ऐसी कोई यात्रा ही नहीं हुई

मिडिल ईस्ट में ये हो क्या रहा है? इजरायल ने कहा- नेतन्याहू चुपके से UAE गए, यूएई बोला- ऐसी कोई यात्रा ही नहीं हुई

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के यूएई जाने के दावे के बाद हंगामा खड़ा हो गया है। हालांकि, यूएई ने बयान जारी कर के कहा है कि नेतन्याहू की ऐसी कोई यात्रा नहीं हुई।

israel uae controversy- India TV Hindi
Image Source : AP इजरायल और यूएई के अलग-अलग दावे। (फाइल फोटो)

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हुई जंग ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया था। ईरान ने UAE समेत खाड़ी के कई देशों पर जमकर मिसाइल और ड्रोन दागे। वर्तमान में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा हो चुकी है। हालांकि, फिर भी मिडिल ईस्ट में तनाव बरकरार है। इन सब के बीच इजरायल के एक दावे ने क्षेत्र में टेंशन और ज्यादा बढ़ा दी है। इजरायल की ओर से दावा किया गया है कि बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान सीक्रेट तरीके से UAE की यात्रा की थी। इस जानकारी के सामने आने के बाद हंगामा मच गया। ऐसे में अब UAE ने भी बयान जारी किया है और बेंजामिन नेतन्याहू के UAE आने के दावे को खारिज कर दिया है।

इजरायल ने क्या दावा किया?

दरअसल, इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार की रात एक सनसनीखेज बयान जारी किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा- ऑपरेशन रोरिंग लायन (ईरान के खिलाफ हमले) के दौरान, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुप्त रूप से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का दौरा किया। यहां उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की। इस दौरे से इजरायल और यूएई के बीच संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।"

UAE क्या बोला?

UAE ने इजरायल के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। UAE के विदेश मंत्रालय ने कहा- "संयुक्त अरब अमीरात (UAE) इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की कथित यात्रा या देश में किसी इजरायली सैन्य डेलिगेशन के स्वागत से संबंधित खबरों का खंडन करता है। यूएई ने यह साफ किया है कि इजरायल के साथ उसके संबंध सार्वजनिक हैं और आधिकारिक रूप से घोषित अब्राहम समझौते के तहत संचालित होते हैं, न कि अपारदर्शी या अनौपचारिक समझौतों पर आधारित हैं।"

UAE ने आगे कहा- "यूएई में संबंधित अधिकारियों द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित किए जाने तक, अघोषित यात्राओं या गुप्त समझौतों से संबंधित कोई भी दावा पूरी तरह निराधार है। यूएई मीडिया संस्थानों से सटीकता और व्यावसायिकता बरतने और अपुष्ट जानकारी प्रसारित करने या भ्रामक राजनीतिक बयानबाजी को बढ़ावा देने से बचने की अपील करता है।"

ये भी पढ़ें- नेतन्याहू गुपचुप तरीके से पहुंचे यूएई, ईरान का बड़ा ऐलान-होर्मुज हमारा है और हमारा ही रहेगा

ईरान से जंग में अमेरिका ने फूंक डाले इतने अरब डॉलर कि होश उड़ जाएंगे, रुपये के हिसाब से कितनी है ये रकम?

Latest World News