ईरान और अमेरिका के बीच लंबे संघर्ष के बाद सीजफायर जारी है। हालांकि, सीजफायर के बीच भी ईरान और अमेरिका में छिटपुट टकराव लगातार जारी है और दोनों देश एक दूसरे को लगातार धमकी दे रहे हैं। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा भेजे गए शांति प्रस्ताव को ठुकरा दिया है जिस कारण दोनों देशों के बीच जंग के आसार फिर से बढ़ गए हैं। इन सब के बीच अमेरिका के रक्षा विभाग ने इस बात की जानकारी दी है कि ईरान हुई जंग में अमेरिका ने कितनी रकम खर्च कर दी है। आइए जानते हैं इस बारे में।
कितना खर्च हुआ?
अमेरिका के रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने जानकारी दी है कि ईरान के साथ हुई जंग में खर्च की लागत बढ़कर 29 अरब डॉलर हो गई है। रक्षा विभाग ने ये आंकड़ा कैपिटल हिल में बजट सुनवाई के दौरान जारी किया है। इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने 2 हफ्ते पहले अनुमान के हिसाब से बताया था कि ईरान के साथ जंग की लागत करीब 25 अरब डॉलर रही है। आपको बता दें कि अमेरिकी संसद में जंग की लागत को लेकर ट्रंप प्रशासन की रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
भारतीय रुपये में कितनी है ये रकम?
आपको बता दें कि वर्तमान में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की हालत खराब होते जा रही है। डॉलर के मुकाबले रुपया 95 रुपये से अधिक की दर पर चला गया है। ऐसे में अगर इस दर से 29 अरब अमेरिकी डॉलर को कनवर्ट करें तो ये रकम भारतीय मुद्रा में 2.77 लाख करोड़ बैठती है। कुल रकम की बात करें तो ये 2 लाख 77 हजार 327 करोड़ रुपये तक पहुंचती है।
ईरान आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुका- ट्रंप
इन सब के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बड़ा बयान जारी किया है। ट्रंप ने कहा- "जब फेक न्यूज कहता है कि ईरानी दुश्मन सैन्य रूप से हमारे खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो यह एक तरह से राजद्रोह है क्योंकि यह इतना झूठा और बेतुका बयान है। वे दुश्मन की मदद कर रहे हैं! इससे ईरान को झूठी उम्मीद मिलती है, जबकि ऐसी कोई उम्मीद नहीं होनी चाहिए। ये अमेरिकी कायर हैं जो हमारे देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। ईरान के नौसेना में 159 जहाज थे - अब हर एक जहाज समुद्र की गहराई में डूबा हुआ है। उनके पास कोई नौसेना नहीं है, उनकी वायु सेना खत्म हो चुकी है, सारी तकनीक खत्म हो चुकी है, उनके 'नेता' अब हमारे साथ नहीं हैं, और ये देश आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुका है। केवल हारे हुए, कृतघ्न और मूर्ख ही अमेरिका के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं!"
ये भी पढ़ें- ईरान से युद्ध के बीच ट्रंप ने इन अमेरिकियों को ही बता दिया 'कायर', जानें क्यों फूटा पड़ा उनका गुस्सा