अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर हमला किया; किसी के हताहत होने की खबर नहीं
ईरान के स्पीकर MB Ghalibaf ने अमेरिका को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इसके साथ ही, ईरान ने ऐलान कर दिया है कि अगले आदेश तक होर्मुज से जहाजों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी।

अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर जोरदार हमला किया है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, IRGC ने साइप्रस के झंडे वाले जहाज को होर्मुज में निशाना बनाया था, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने ये हमला किया। दोनों देशों के बीच डील के बाद अमेरिका का ईरान पर ये तीसरा बड़ा हमला है। अमेरिका ने ये हमला ईरान के बुशहर में किया है। दरअसल, बुशहर में IRGC का बेस है। माना जा रहा है कि अमेरिका ने इसी बेस को निशाना बनाया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इन हमलों का मकसद ईरान की उन क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल ईरान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों पर हमले करने के लिए करता है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के बंदर अब्बास और सिरिक में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। केशम द्वीप पर भी विस्फोट की आवाज सुनी गईं।
दूसरी तरफ, अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद ईरान ने जोरदार पलटवार किया है। ईरान ने UAE, कतर, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकाने भीषण हमला किया है, जिससे पूरी मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है। इन हमलों के बाद कतर के आंतरिक मंत्रालय ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर सभी से अपने घरों या सुरक्षित स्थानों के अंदर रहने की अपील की है।
यूएई और कतर के अलावा कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में भी बड़े धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खाड़ी क्षेत्र के देश अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और हवाई हमलों का मुकाबला करने में जुटे हैं।
अमेरिका के ताजा हमले के बाद ईरान ने एक बार फिर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। ईरानी मीडिया के हवाले से कहा गया है कि जब तक इस इलाके में अमेरिकी ऑपरेशन खत्म नहीं होते, तब तक कोई आवाजाही नहीं होगी। बीते शनिवार को IRGC नेवी ने होर्मुज में रास्ता भटकने और ट्रैकिंग से हटने वाले एक जहाज पर चेतावनी के तौर पर गोली चलाई।
मिडिल ईस्ट में लगातार हो रही गोलीबारी के बीच युद्ध खत्म करने का अंतरिम समझौता कमजोर पड़ रहा है। इस बीच, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कसम खाई कि उनके पिता और ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई, जो 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों से शुरू हुए युद्ध में मारे गए, उनकी मौत का बदला लेना जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि मोजतबा खामेनेई का ये बयान डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और मिसाइल हमले करने की धमकी दी थी। इससे पहले, अयातुल्लाह अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में भी डोनाल्ड ट्रंप को मारने की खुली मांग की गई थी। मध्य-पूर्व के तनाव का लेटेस्ट अपडेट यहां पढ़ें।
Live updates : मध्य-पूर्व तनाव की लेटेस्ट खबरें
-
July 12, 2026 10:39 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर किया हमला
ईरान का कहना है कि केशम द्वीप पर अमेरिका के नए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
-
July 12, 2026 7:15 PM (IST) Posted by Shakti Singh
कमर्शियल ट्रैफिक के लिए खुला है हॉर्मुज-ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट कमर्शियल ट्रैफिक के लिए खुला है, हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच हमले जारी हैं। ट्रंप ने ये बातें एनबीसी के मीट द प्रेस पर एक इंटरव्यू के दौरान कहीं। अमेरिकी मिलिट्री ने पहले जोर देकर कहा था कि जहाज होर्मुज से गुजर रहे हैं, जबकि ईरान ने लड़ाई के नए दौर में इसे अगली सूचना तक बंद करने का दावा किया है। मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेनाओं की देखरेख करने वाले सेंटकॉम ने एक्स पर कहा, "ईरान स्ट्रेट ऑफ ङॉर्मुज को कंट्रोल नहीं करता है। ट्रैफिक चल रहा है।"
-
July 12, 2026 6:15 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ओमान ने ईरान के राजदूत को किया तलब
ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि Strait of Hormuz के पास के क्षेत्र में ड्रोन से अटैक किए गए। इसके बाद वहां के निवासियों के लिए 'शेल्टर-इन-प्लेस' की चेतावनी जारी की गई। इस अटैक के बाद ओमान ने इन हमलों का विरोध करने के लिए ईरान के राजदूत को तलब किया।
-
July 12, 2026 5:37 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पश्चिम एशिया में हालात काफी गंभीर: वेस्ट एशिया मामलों के एक्सपर्ट
पश्चिम एशिया में हालात काफी गंभीर हैं। भारत के लिए यह मुश्किल स्थिति है क्योंकि अधिकतर जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से ही गुजरते हैं। ऐसे में अमेरिका और ईरान का MoU का पालन करना बहुत जरूरी है: वेस्ट एशिया मामलों के एक्सपर्ट एमडी मुदस्सिर
-
July 12, 2026 4:50 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ईरानी मिसाइल हमले में 1 बच्चे समेत 3 घायल
कतर ने बताया कि मिसाइल के मलबे के टुकड़े गिरने से 1 बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। वहीं, जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि रविवार सुबह ईरान की ओर से दागी गईं 3 मिसाइलें उनके देश में गिरीं, जिससे मामूली नुकसान हुआ। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।
-
July 12, 2026 3:56 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
अगले आदेश तक बंद रहेगा होर्मुज- ईरान
ईरान ने कहा कि होर्मुज "अगले आदेश तक" बंद रहेगा। ईरान ने ये भी कहा कि अगर उस पर और अटैक हुए तो वह खाड़ी में दुश्मन के और ठिकानों को टारगेट बनाने पर विचार करेगा। वहीं, अमेरिका के रक्षामंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान ने गलत निर्णय किया। अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।
-
July 12, 2026 3:23 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
यूएई की सीमा में नहीं घुसी कोई मिसाइल
संयुक्त अरब अमीरात में भी सायरन बजे, लेकिन UAE सरकार ने बताया कि मिसाइलें UAE के बॉर्डर में नहीं घुसीं। ईरान के हालिया अटैक्स में अब तक UAE को निशाना नहीं बनाया गया है। यूएई पर पिछला हमला मई में हुआ था, जब एक ड्रोन ने देश के एकमात्र न्यूक्लियर पावर प्लांट के किनारे आग लगा दी थी।
-
July 12, 2026 2:23 PM (IST) Posted by Amar Deep
इशाक डार ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की अपील की
पाकिस्तान के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर इशाक डार ने अमेरिका और ईरान से अपील की कि वे पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच संयम बरतें। रविवार सुबह अमेरिका ने ईरान के खिलाफ टारगेटेड हमले किए। इससे पहले ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर हमला किया था, जिससे उसमें आग लग गई थी। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी हमलों का जवाब पड़ोसी खाड़ी देशों - संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, कतर और ओमान - को निशाना बनाकर दिया।
-
July 12, 2026 1:32 PM (IST) Posted by Amar Deep
ओमान तट के पास कमर्शियल शिप पर हमला
ओमान तट के पास ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल शिप पर हमला कर दिया। इस जहाज पर 11 भारतीय भी सवार थे। वहीं भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है।
-
July 12, 2026 11:48 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ईरान की संसद के स्पीकर ने अमेरिका को दी अंजाम भुगतने की धमकी
ईरान की संसद के स्पीकर MB Ghalibaf ने अमेरिका को धमकी देते हुए 17 जून को अमेरिका-ईरान के बीच साइन हुए MoU के आर्टिकल 5 का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'एकतरफा समझौतों का दौर अब खत्म हो चुका है। हमने आपसे कहा था- अपनी बात पर कायम रहें, वरना अंजाम भुगतें। हकीकत अब सामने आ रही है।'
-
July 12, 2026 11:14 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
हमलों के 3 फेज में ईरान में 300 ठिकानों को बनाया गया निशाना
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इस हफ्ते तीन रातों तक हुए हमलों में, कमांडर-इन-चीफ के आदेश पर CENTCOM ने 300 से अधिक अड्डों पर अटैक किए। इन हमलों का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कम करना था, जिससे ईरान होर्मुज से निकलने वाले जहाजों पर आसानी से अटैक कर सकता था। जिससे इस महत्वपूर्ण इंटरनेशनल समुद्री रास्ते होर्मुज से जहाजों का आना-जाना जारी है।
-
July 12, 2026 10:58 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
अमेरिका ने ईरान के 140 मिलिट्री अड्डों पर बोला हमला
U.S. सेंट्रल कमांड ने बीते 11 जुलाई को ईरान पर अटैक्स का तीसरा चरण पूरा किया। अमेरिकी सेना ने जमीन और समंदर से उड़ान भरने वाले लड़ाकू विमानों, ड्रोन और नेवी ने ईरान के करीब 140 सैन्य ठिकानों पर धावा बोला। इसमें ईरान की मिसाइल और ड्रोन साइटें, गोला-बारूद के भंडार, नौसैनिक क्षमताएं, कम्युनिकेशन नेटवर्क और कोस्टल सर्विलांस लोकेशन शामिल थे।