1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. होर्मुज बंद करते ही अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, पीट हेगसेथ ने कहा- 'उन्हें कीमत चुकानी होगी'

होर्मुज बंद करते ही अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, पीट हेगसेथ ने कहा- 'उन्हें कीमत चुकानी होगी'

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 12, 2026 07:26 am IST,  Updated : Jul 12, 2026 08:35 am IST

अमेरिकी सेना ने ईरान के कई इलाकों में हमला कर दिया है। अमेरिका ने ईरान द्वारा साइप्रस के झंडे वाली जहाज पर हमला और होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने के बाद यह हमला किया है। पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान ने गलत फैसला किया है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।

अमेरिका ने ईरान पर किया हमला।- India TV Hindi
अमेरिका ने ईरान पर किया हमला। Image Source : AP/FILE

ईरान की आईआरजीसी ने एक बार फिर से होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद करने का ऐलान कर दिया है। वहीं इस घटना के कुछ ही समय के बाद अमेरिका ने ईरान में कई जगहों पर हमला कर दिया। ईरान की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के किनारे बसे दो शहरों बंदर अब्बास और सिरिक में धमाके हुए। वहीं अमेरिका ने इस हमले के पीछे की वजह ईरान की सेना द्वारा साइप्रस के झंडे वाली जहाज पर हमला करना बताया है। इसके साथ ही अमेरिका के साथ पहले से ही कमजोर सीजफायर समझौते पर और खतरा मंडराने लगा है।

अमेरिकी सेना ने किया हमला

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा, "आज शाम 7:15 बजे (ET), U.S. सेंट्रल कमांड की फोर्स ने इस हफ्ते ईरान के खिलाफ हमले का तीसरा दौर शुरू किया। यह कार्रवाई तब की गई जब इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की फोर्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज 'M/V GFS Galaxy' पर खुलेआम हमला किया। हमले में एक सिविलियन क्रू मेंबर लापता हो गया है और जहाज में आग लगने तथा इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचने के कारण वह अपनी यात्रा जारी रखने में असमर्थ है।"

बयान में आगे कहा गया, "व्यावसायिक जहाजों पर पहले हुए हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद, ईरान को 'मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' (समझौता ज्ञापन) का पालन करने का एक और मौका दिया गया था, लेकिन वह फिर से ऐसा करने में नाकाम रहा। इसके जवाब में, अमेरिका ईरान की उस क्षमता को कमजोर करके उसे भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर रहा है, जिसके जरिए वह स्ट्रेट से गुजरने वाले सिविलियन नाविकों और व्यावसायिक जहाजों पर आसानी से हमले करता है। ये हमले कमांडर-इन-चीफ़ के निर्देश पर किए जा रहे हैं।"

'उन्हें कीमत चुकानी होगी: पीट हेगसेथ'

इससे पहले ईरान ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट अगले आदेश तक बंद रहेगा। ईरान ने कहा कि अगर उसे और हमलों का सामना करना पड़ा तो वह इलाके में दुश्मन के और ठिकानों को निशाना बनाने पर विचार करेगा। इसके एक घंटे से कुछ ज़्यादा समय बाद, अमेरिका ने अपने हमलों के नए दौर की घोषणा की। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, "ईरान ने गलत फैसला किया। अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।" ये हमले होर्मुज स्ट्रेट को लेकर हुई और अधिक कूटनीतिक बातचीत के बाद हुए।

ईरान ने हमले पर दिया बयान

हाल ही में वाशिंगटन में अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि युद्ध खत्म करने के लिए पिछले महीने हुए समझौते को और मजबूत करने की बातचीत तब तक आगे नहीं बढ़ पाएगी जब तक कि होर्मुज स्ट्रेट सुरक्षित न हो। उन्होंने यह भी कहा था कि वे चाहते हैं कि ईरान इस बारे में सार्वजनिक बयान दे। इसके बजाय, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ने कहा कि कई जहाजों ने "अपना रास्ता ठीक करने और मंजूरशुदा रास्ते पर चलने के हमारे चेतावनियों और निर्देशों को नजरअंदाज किया।" उनमें से एक पर "चेतावनी वाली गोली चलाई गई और उसे रोक दिया गया।"

यह भी पढ़ें-

पिता के 'बेगुनाह खून' का बदला लेंगे, ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने खाई कसम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश