1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ये है अमेरिका का हाल! न्यूयॉर्क के एक स्कूल में पिस्तौल लेकर पहुंचा नाबालिग छात्र, जानें फिर क्या हुआ

ये है अमेरिका का हाल! न्यूयॉर्क के एक स्कूल में पिस्तौल लेकर पहुंचा नाबालिग छात्र, जानें फिर क्या हुआ

अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक छात्र स्कूल में गन लेकर पहुंच गया। छात्र ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सोशल मीडिया पोस्ट को देखने के बाद एक शख्स ने FBI को सूचना दी जिसके बाद हड़कंप मच गया।

America Student Arrives at New York School With Pistol (Representational Image) - India TV Hindi
Image Source : AP America Student Arrives at New York School With Pistol (Representational Image)

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक उच्च विद्यालय के नाबालिग छात्र को अपनी कक्षा में पिस्तौल लाने और सोशल मीडिया पर ‘स्कूल में गोलीबारी’ करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि 16 वर्षीय छात्र ने बेसाइड, क्वींस स्थित बेंजामिन एन कार्डोजो हाई स्कूल की कक्षा में उपस्थित रहने के दौरान ‘इंस्टाग्राम’ पर यह धमकी पोस्ट की थी। 

छात्र के बैग से बरामद हुई गन

टिश ने बताया कि पोस्ट देखने वाले एक व्यक्ति ने संघीय जांच ब्यूरो (FBI) को सूचित किया, जिसने फिर न्यूयॉर्क पुलिस से संपर्क किया। टिश ने बताया कि अधिकारी स्कूल गए, छात्र को ढूंढ निकाला और उसके बैग में 9 एमएम की हैंडगन बरामद हुई, जिसमें 13 गोलियां भरी हुई थीं। उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क शहर के कुछ अन्य स्कूलों के विपरीत कार्डोजो हाई स्कूल हथियारों के लिए छात्रों की तलाशी नहीं लेता। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने 16 वर्षीय छात्र का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं बताया क्योंकि वह नाबालिग है और उसका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है।

पुलिस ने क्या किया?

टिश ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने स्कूल स्टाफ के साथ मिलकर पहले लड़के का पता लगाया और फिर उसे कक्षा से बाहर निकालकर एक खाली कॉन्फ्रेंस रूम में ले जाया गया। यहां छात्र के बैग की तलाशी ली गई जिसमें पिस्टल मिली। उन्होंने बताया कि लड़के के पास 3 मोबाइल फोन भी थे। टिश ने बताया कि अधिकारियों ने इंस्टाग्राम पोस्ट 16 वर्षीय लड़के के अकाउंट से जुड़े एक फोन नंबर पर कॉल करके पुष्टि की कि यह पोस्ट उसी से आया था। कमिश्नर ने बताया कि जब अधिकारियों ने उस नंबर पर कॉल किया, तो लड़के के एक मोबाइल फोन की घंटी बजी। 

अमेरिका में जाती है हजारों की जान

आंकड़ों से पता चलता है कि अमेरिका में हर साल 40 हजार से ज्यादा लोग गोलीबारी में मारे जाते हैं, जिनमें आत्महत्याएं भी शामिल हैं। हर साल यहां करीब 2 करोड़ बंदूकें बिकती हैं। अमेरिका में गन कंट्रोल पर बहस होती है। हर बड़े हादसे के बाद लोग सख्त कानून की मांग करते हैं, लेकिन राजनीति और गन लॉबी के दबाव में ठोस कदम नहीं उठ पाते। डेमोक्रेट्स आमतौर पर सख्त नियंत्रण के पक्ष में रहते हैं, जबकि रिपब्लिकन गन रखने की आजादी पर जोर देते हैं। (एपी)

यह भी पढें:

अमेरिका: कैलिफोर्निया पुलिस ने भारतीय युवक को मारी गोली, परिवार ने लगाई मदद की गुहार

नेपाल में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान कहां थे पूर्व पीएम ओली? अब सामने आई सच्चाई

Latest World News