1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई पर खुलकर बोले अमेरिका के लोग, सामने आया सर्वेक्षण

गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई पर खुलकर बोले अमेरिका के लोग, सामने आया सर्वेक्षण

इजरायल ने गाजा में जमीनी सैन्य अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच अमेरिका के लोगों ने गाजा में इजरायली हमलों को लेकर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी लोगों ने क्या है चलिए जानते हैं।

Americans views of Israel military action in Gaza- India TV Hindi
Image Source : AP Americans views of Israel military action in Gaza

वाशिंगटन: गाजा में मानवीय स्थिति को लेकर बढ़ती अंतरराष्ट्रीय चिंता के बीच अब कई अमेरिकी नागरिक फलस्तीनी क्षेत्र में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को युद्ध की शुरुआत की तुलना में अधिक सख्त मानते हैं। यह जानकारी एक नए सर्वेक्षण से सामने आई है। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) और ‘एनओआरसी सेंटर फॉर पब्लिक अफेयर्स रिसर्च’ के सर्वेक्षण के अनुसार, लगभग आधे अमेरिकियों का कहना है कि गाजा पट्टी में इजरायल की सैन्य प्रतिक्रिया हद से अधिक यानी बहुत सख्त है। यह संख्या नवंबर 2023 से अधिक है, जब 40 प्रतिशत लोगों ने कहा था कि इजरायल की सैन्य कार्रवाई हद से अधिक सख्त है। इजरायल की कार्रवाई के बारे में अमेरिकी रुख में यह बदलाव तब आया है जब इजरायली सेना ने गाजा में व्यापक जमीनी हमला शुरू कर दिया है। 

बेहाल है गाजा का हाल

इजरायल को गाजा में अपने आचरण को लेकर अंतरराष्ट्रीय आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद द्वारा नियुक्त स्वतंत्र विशेषज्ञों की एक टीम ने कहा कि वह इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि इजरायल नरसंहार कर रहा है। इजरायल ने पहले ही गाजा के एक बड़े क्षेत्र को नष्ट कर दिया है, लगभग 90 प्रतिशत आबादी को विस्थापित कर दिया है और एक भयावह मानवीय संकट पैदा कर दिया है। विशेषज्ञों ने गाजा सिटी में अकाल की घोषणा की है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, फलस्तीनियों की मृत्यु का आंकड़ा 65,000 को पार कर गया है। 

'सख्ती कर रहा है इजरायल'

एपी-एनओआरसी सर्वेक्षण 11-15 सितंबर के बीच 1,183 वयस्कों पर किया गया था। सर्वेक्षण में पाया गया कि अमेरिकियों में यह धारणा बढ़ी है कि इजरायल की सैन्य प्रतिक्रिया ‘हद से अधिक’ सख्त हो गई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के लगभग 10 में से सात लोग ऐसा कहते हैं, जो नवंबर 2023 में 58 प्रतिशत से अधिक के आंकड़े को दर्शाता है। लगभग आधे निर्दलीय लोग भी यही कहते हैं, जबकि पहले के सर्वेक्षण में यह आंकड़ा 10 में से लगभग 4 लोगों का था। ऐसा मानने वाले रिपब्लिकन की संख्या भी 18 प्रतिशत से बढ़कर 24 प्रतिशत हो गई है। 

Image Source : apGaza

'मानवीय राहत है बेहद अहम'

इजरायल द्वारा अतिक्रमण को लेकर चिंता जनवरी 2024 में अधिक थी, जब 50 प्रतिशत अमेरिकी वयस्कों ने कहा था कि इजरायल ‘हद पार कर’ गया है। 45 प्रतिशत अमेरिकी वयस्कों का कहना है कि अमेरिका के लिए गाजा में फलस्तीनियों को मानवीय राहत प्रदान करना बेहद महत्वपूर्ण है, यह युद्ध की शुरुआत में अमेरिकियों के विचारों के समान है, लेकिन मार्च के 41 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। 

इजरायल को सैन्य सहायता पर क्या बोले लोग?

संघर्ष से निपटने के ट्रंप के तरीके के प्रति अमेरिकी वयस्कों की स्वीकृति थोड़ी कम होकर 37 प्रतिशत रह गई है, जबकि मार्च में यह 44 प्रतिशत थी। लगभग 10 में से 3 अमेरिकी वयस्कों ने कहा कि एक स्वतंत्र फलस्तीनी राज्य की स्थापना के लिए बातचीत बेहद अहम है। सर्वेक्षण में इजरायल को सैन्य सहायता के लिए समर्थन में भी थोड़ी कमी पाई गई। लगभग 10 में से 2 अमेरिकी वयस्कों ने कहा कि हमास से लड़ने के लिए इजरायली सेना को सहायता प्रदान करना अमेरिका के लिए जरूरी है, जो युद्ध की शुरुआत में 36 प्रतिशत से कम है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ये है इजरायल का खतरनाक लेजर हथियार, पलक झपकते ही मिसाइलें, ड्रोन और फाइटर जेट होंगे तबाह

अब तक 11 बार! जानिए क्यों गाजा की दर्द भरी दास्तान है नेमान का परिवार

Latest World News