खान यूनिस: नेमान अबू जराद और उनके परिवार के सदस्यों पर थकान, निराशा और गुस्सा हावी होता जा रहा है। गाजा पट्टी में हिंसा के चलते उन्हें 11वीं बार अपना बसा बसाया घर छोड़ने के लिए मजबूर जो होना पड़ा है। नेमान कहते हैं, “हम फिर से यातना के दौर में लौट गए हैं। हम बार-बार विस्थापित नहीं हो रहे हैं, हम घुट-घुटकर मर रहे हैं।” इजरायल की बढ़ती बमबारी और जमीनी कार्रवाई शुरू करने की तैयारियों के बीच नेमान का परिवार पिछले हफ्ते अपनी कीमती वस्तुएं लेकर गाजा शहर से दक्षिण में खान यूनिस चला गया था। खान यूनिस में परिवार एक बंजर भूमि पर तंबू लगाकर रहने लगा है। हालांकि, परिवार को पता नहीं है कि आने वाले दिनों में उसे खाना-पानी नसीब हो पाएगा भी या नहीं।
विस्थापन का दंश झेल रहा है नेमान का परिवार
सात अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमास के हमले के बाद दोनों पक्षों में छिड़ी लड़ाई के चलते उत्तरी गाजा में अपना पुश्तैनी घर छोड़ने के लिए मजबूर हुआ नेमान का परिवार लगभग 2 साल से विस्थापन का दंश झेल रहा है। इजरायल के लगातार अलग-अलग क्षेत्रों को निशाना बनाने के कारण नेमान के परिवार के पास अन्य लाखों फलस्तीनी परिवारों की तरह समय-समय पर अपना ठिकाना बदलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
नेमान के परिवार में कौन-कौन है?
नेमान के मुताबिक, जनवरी में इजरायल और हमास के बीच हुए अस्थाई युद्ध-विराम के दौरान उसका परिवार उत्तर गाजा में अपने घर लौटा था, जो इजरायली हमलों के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन अपनी जगह पर खड़ा था। हालांकि, 2 महीने के भीतर इजरायल ने फिर से हमले शुरू कर दिए, जिससे परिवार को दूसरा ठिकाना तलाशना पड़ा। नेमान के परिवार में उसकी पत्नी माजिदा, 6 बेटियां और 2 साल की नातिन है। वह हर बार इस उम्मीद में नए इलाके में जाकर रहने लगते हैं कि जीवन में कुछ पल के लिए ठहराव आएगा। लेकिन, उन्हें हर बार दुख और निराशा का सामना करना पड़ता है।

'बदतर हो सकते हैं हालात'
नेमान के अनुसार, युद्ध का कोई अंत नजर नहीं आ रहा है और उन्हें डर है कि हालात और बदतर हो सकते हैं। वह कहते हैं, “आने वाला समय और अंधकारमय है। हमें (गाजा पट्टी से) निकाला जा सकता है। हम मर भी सकते हैं, आपको पल-पल ऐसा लगता है, मानो मौत आपको घेर रही है। हम बस मौत से बचने के लिए एक जगह से दूसरी जगह भागते फिर रहे हैं।”
इजरायल ने उठाया बड़ा कदम
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, इजरायल और हमास में जारी जंग के बीच इजरायल ने बड़ा कदम उठाया है। इजरायली सेना ने कहा है कि गाजा शहर में उसका विस्तारित अभियान शुरू हो चुका है। इजरायली सेना ने निवासियों को दक्षिण की ओर जाने की चेतावनी दी है।(एपी)
यह भी पढ़ें:
नेपाल में Gen-Z प्रोटेस्ट के दौरान पीएम ओली ने सेना प्रमुख से मांगी थी मदद, मिला था दो टूक जवाबये है इजरायल का खतरनाक लेजर हथियार, पलक झपकते ही मिसाइलें, ड्रोन और फाइटर जेट होंगे तबाह