A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान पर दिए गए बयान को लेकर भड़के ट्रंप, टकर कार्लसन को बताया कम IQ वाला शख्स

ईरान पर दिए गए बयान को लेकर भड़के ट्रंप, टकर कार्लसन को बताया कम IQ वाला शख्स

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टकर कार्लसन की तीखी आलोचना करते हुए उन्हें कम IQ वाला शख्स बताया है। टकर कार्लसन ने ईरान मुद्दे को लेकर ट्रंप को आड़े हाथों लिया था।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
Image Source : AP अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Trump Attack Tucker Carlson: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (MAGA) समर्थक कई पॉडकास्टर्स को कड़ी फटकार लगाई। यह प्रतिक्रिया पिछले सप्ताह Mediaite में छपी एक खबर के जवाब में आई है। Truth Social पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने टकर कार्लसन के साथ-साथ मेगिन केली, कैंडिस ओवेन्स और एलेक्स जोन्स का नाम लेकर उनकी आलोचना की है। टकर कार्लसन ने ईरान पर ट्रंप के एक बयान को 'घटिया' कहा था।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में क्या कहा?

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, "यह बहुत आसान है! टकर एक कम IQ वाला व्यक्ति है – उसे हराना हमेशा आसान होता है, और उसे जरूरत से ज्यादा ही महत्व दिया जाता है!!!" उन्होंने कहा, "यही हाल मेगिन केली, 'कैंडिस' (जो सचमुच बेवकूफ और मानसिक रूप से बीमार है!) और दिवालिया हो चुके एलेक्स जोन्स का भी है, जो पूरी तरह से 'खत्म' हो चुके हैं। इनके अलावा भी कुछ और लोग हैं! वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग ऐसे भी हैं जो बहुत अच्छे हैं, पूरी तरह से सच्चे MAGA समर्थक हैं, और काफी समझदार हैं। मुझे अच्छे, बुरे और बीच के दर्जे वाले लोगों की एक लिस्ट बनानी चाहिए। क्या यह दिलचस्प नहीं होगा???"

Image Source : apअमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट

टकर कार्लसन के बारे में जानें

बता दें कि, टकर कार्लसन राजनीतिक टिप्पणीकार, लेखक और पूर्व टेलीविजन होस्ट हैं, जिन्हें अमेरिकी राजनीति में दक्षिणपंथी  विचारों को मुख्यधारा में लाने के लिए जाना जाता है। उनका जन्म 16 मई 1969 को कैलिफोर्निया में हुआ था और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1990 के दशक में प्रिंट पत्रकारिता से की थी। कार्लसन को सबसे अधिक प्रसिद्धि फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम 'टकर कार्लसन टुनाइट' से मिली, जो 2016 से 2023 के बीच अमेरिका के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले केबल न्यूज शो में से एक था। अप्रैल 2023 में फॉक्स न्यूज से अचानक हटाए जाने के बाद, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना स्वतंत्र डिजिटल शो शुरू किया था।

व्लादिमीर पुतिन का लिया इंटरव्यू

टकर कार्लसन अपनी विवादास्पद टिप्पणियों, आप्रवासन के कड़े विरोध और अमेरिकी विदेश नीति की आलोचना के लिए जाने जाते हैं। हाल के वर्षों में, उन्होंने यूक्रेन और ईरान जैसे देशों में अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप का विरोध किया है। टकर ने फरवरी 2024 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का इंटरव्यू लेकर दुनिया भर में सुर्खियां बटोरी थीं। 

ट्रंप समर्थक, लेकिन कुछ नीतियों का विरोध

टकर कार्लसन भारत की बढ़ती वैश्विक शक्ति की सराहना करते हुए कह चुके हैं कि भारत अब एक स्थापित महाशक्ति है जिसे कोई देश निर्देश नहीं दे सकता। डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक होने के बावजूद वो ट्रंप की कुछ नीतियों, विशेष रूप से ईरान के प्रति उनके रुख और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से संबंधित बयानों के मुखर आलोचक रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी आमिर हमजा पर हुआ हमला तो तड़प उठा हाफिज सईद का बेटा, जानें क्या किया

ईरान जंग की वजह पैदा हुआ ऊर्जा संकट, तमाम देश खोज रहे विकल्प; जानिए चल क्या रहा है

Latest World News