खुद को हेल्दी रखने के लिए लोग जिम जाते हैं, योग करते हैं, डाइट प्लान बनाते हैं। डाइट में तरह-तरह की चीज़ें शामिल करते हैं। लोग अपनी हेल्दी डाइट में मखाने को भी शामिल करते हैं क्योंकि इसमें पोटैशियम, कैल्शियम, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बहुत ज़रूरी होते हैं। लेकिन, कई लोग मखाने को खाने का सही तरीका नहीं जानते और वे इसे तलकर खाते हैं। अगर आप भी ऐसा कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। मखाने को तलकर खाने से आपको फ़ायदा नहीं, बल्कि नुकसान होता है। आइए, जानते हैं कि मखाने को तलकर खाने से किस तरह के नुकसान होते हैं।
वज़न का बढ़ना
शरीर के वज़न को ठीक रखने के लिए लोग अपनी डाइट में मखाने को शामिल करते हैं। लेकिन, अगर आप मखाने को तलकर खा रहे हैं, तो इससे वज़न कम होने के बजाय बढ़ जाएगा। वज़न कम रखना है, तो मखाने को तलकर कभी न खाएं।
पेट खराब होना
तली-भुनी चीज़ें खाने से पेट खराब हो जाता है, क्योंकि तली-भुनी चीज़ों को पचाने में पेट को ज़्यादा मेहनत करनी पड़ती है। जब पेट खराब हो जाना है, तो मखाने को तलकर खाने से क्या फ़ायदा है।
ब्लड शुगर का बढ़ना
तली हुई चीज़ें खाने से ब्लड शुगर तेज़ी से बढ़ता है। इसलिए, तला हुआ मखाना आपके खून में शुगर की मात्रा को बढ़ा देता है। अगर आपको डायबिटीज़ है, तो आपको तले हुए मखाने खाने से परहेज़ करना चाहिए।
दिल से जुड़ी बीमारियां होना
तेल में तली हुई चीज़ें खाने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ जाता है। कोलेस्ट्रॉल को दिल का दुश्मन माना जाता है। इससे दिल से जुड़ी कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं। तला हुआ मखाना खाने से ब्लडप्रेशर भी तेज़ी से बढ़ने लगता है।
स्किन पर बुरा असर पड़ना
मखाने को तेल में तलकर खाने की वजह से स्किन पर बुरा असर पड़ता है। अगर आपके चेहरे पर पहले से ही मुंहासे और कील हैं, तो तले हुए मखाने खाने से यह समस्या और ज़्यादा बढ़ जाती है। जिन लोगों को कुछ खास तरह के तेलों से एलर्जी है उन्हें भी इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)
Latest Health News