1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 29 मई दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

29 मई दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

दिनभर की बड़ी खबरें

IndiaTV- India TV Hindi
IndiaTV

राष्ट्रीय खबरें-

अफ्रीकी नागरिकों पर हमले: राजनाथ ने पुलिस कमिश्नर से कहा- पेट्रोलिंग बढ़ाएं

दिल्ली में अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमलों के मामले में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार से बात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि पूछताछ के लिए एक नाबालिग को हिरासत में भी लिया गया। राजनाथ सिंह ने पुलिस कमिश्नर को उन इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए कहा था, जहां अफ्रीकी नागरिक रहते हैं, ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अगले महीने अमेरिका समेत 5 देशों की यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जून से पांच देशों की यात्रा पर जाएंगे, जिसमें अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मैक्सिको शामिल है. मोदी अपनी यात्रा अफगानिस्तान से शुरू करेंगे और वहां सलमा बांध का उद्घाटन करेंगे, जिसका भारत ने 1400 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया है। अफगानिस्तान के बाद मोदी कतर जाएंगे और वहां से वह स्विट्जरलैंड की यात्रा पर जाएंगे. कतर की दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी कतर के अमिर शेख तामिम बिन हमाद अल थानी के साथ व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे जिसमें आर्थिक संबंधों को गति देने के लिये विशेष तौर पर हाइड्रोकार्बन क्षेत्र शामिल है।

भारतीय इंजन के साथ स्पेन की टैल्गो ट्रेन का पहला ट्रायल रन सफल

भारत ने बुलेट ट्रेन का सपना साकार करने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुये स्पेन की लग्जरी और सेमी हाई स्पीड टैल्गो ट्रेन का पहला ट्रायल रन किया। टैल्गो ट्रेन  का पहला ट्रायल रन आज बरेली-मुरादाबाद रूट पर हुआ। शुरूआती दौर में टेल्गो ट्रेन की रफ्तार 80 से 115 प्रति घंटे की होगी। बाद में इस स्पीड को 180 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। आगे पढ़ें.

फिनमैकेनिका को हासिल रक्षा उत्पाद की सभी निविदाएं रद्द करेगी सरकार: मनोहर पर्रिकर

सरकार ने इतालवी कंपनी फिनमैकेनिका को मिले सभी मौजूदा रक्षा उपकरण टेंडर रद्द करने का फैसला किया है क्योंकि ताकि इस बाद कंपनी को काली सूची में डाला जा सके। इस कंपनी के खिलाफ अगस्तावेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्ट सौदे में रिश्वत के आरोप में जांच चल रही है।रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि फिनमैकेनिका व इसकी अनुषंगियों को काली सूची में डालने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और इस बारे में एक पत्र विधि मंत्रालय को भेजा गया है।

अंतरराष्ट्रीय खबरें-

पाक के पास दिल्ली को 5 मिनट में निशाना बनाने की क्षमता: कादिर

पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम के जनक डॉ. अब्दुल कादिर खान के बयान से हलचल पैदा कर दी है। कादिर ने कहा कि देश 1984 में ही परमाणु शक्ति बन गया होता लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल जिया उल हक ने पहल का विरोध किया था। खान ने कहा कि रावलपिंडी के नजदीक कहूटा से भारत की राजधानी दिल्ली को 5 मिनट में निशाना बनाने की क्षमता पाकिस्तान के पास है। कादिर खान पहले परमाणु परीक्षण की वर्षगांठ पर एक सभा को संबोधित कर रहे थे जो 1998 में उनकी देखरेख में किया गया था।

चीन जुलाई में पहला क्वांटम संचार उपग्रह करेगा लांच

चीन जुलाई में अपना पहला प्रायोगिक क्वांटम संचार उपग्रह लांच करेगा। चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेस (सीएएस) ने शुक्रवार को इसकी सूचना दी। आगे पढ़ें.

ISIS के आतंकवादी हमलों की वजह से सीरिया में 6,000 लोगों ने किया पलायन

इस्लामिक स्टेट (आईएस) के हमले के कारण उत्तरी सीरिया के प्रभावित क्षेत्रों से 6,000 से अधिक लोग पलायन कर गए हैं। यह जानकारी रविवार को एक निगरानी समूह से मिली। उत्तरी सीरिया के अलेप्पो प्रांत के शेख ईसा, मारे और अन्य शहरों से बड़े पैमाने पर पलायन हुआ है। आगे पढ़ें.

बिजनेस की खबरें-

कॉल ड्रॉप पर पर्दा डालने के लिए टेलीकॉम कंपनियां ले रही हैं नई टेक्‍नोलॉजी का सहारा

अपनी सेवाओं की खराब गुणवत्ता पर पर्दा डालने के लिए टेलीकॉम कंपनियों ने अब एक नई टेक्‍नोलॉजी का सहारा लिया है। इस टेक्‍नोलॉजी के तहत किसी कॉल के दौरान कनेक्शन टूटने या दूसरी तरफ से आवाज सुनाई नहीं देने की स्थिति में भी कॉल कनेक्टेड दिखती है। आगे पढ़ें.

देश में पांच करोड़ ड्राइविंग लाइसेंस हैं फर्जी, पकड़े जाने पर 10 हजार रुपए जुर्माना और एक साल की जेल

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में प्रत्‍येक तीसरा ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी है और ऐसे फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस की कुल संख्‍या पांच करोड़ है। हालांकि, सरकार ने इन फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस से निपटने के लिए नए नियम बनाए हैं, जिसके तहत यदि कोई फर्जी लाइसेंस के साथ पकड़ा जाता है तो उसे जल्‍द ही एक साल तक की जेल और 10,000 रुपए तक का जुर्माने की सजा हो सकती है। आगे पढ़ें.

सोना हुआ एक हफ्ते में 800 रुपए सस्ता, चांदी की कीमतों में 900 रुपए की गिरावट

घरेलू हाजिर बाजार में आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की सुस्त मांग और ग्लोबल मार्केट में कमजोरी के सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को सोना 29,000 रुपए के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया और यह तीन माह के निम्न स्तर 28,850 रुपए प्रति 10 ग्राम तक नीचे चला गया। इस हफ्ते सोने की कीमतों में 800 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। आगे पढ़ें.

एंटरटेनमेंट की खबरें-

सलमान का अनादर करने का इरादा नहीं था: अरिजीत सिंह

अपने पोस्ट के जरिए सुपरस्टार सलमान खान से माफी मांगने के कारण उठे विवाद को लेकर लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह ने कहा है कि उन्होंने जो भी किया, उस पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है और आशा है कि एक दिन सलमान उन्हें माफ कर देंगे। आगे पढ़ें.

विद्या, अर्जुन की फिल्म 'कहानी 2' की शूटिंग हुई पूरी

निर्देशक सुजॉय घोष ने कहा है कि उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म 'कहानी' (2012) के सीक्वल 'कहानी 2' की शूटिंग पूरी कर ली है। 'कहानी' के सह-लेखक व निर्देशक सुजॉय घोष हैं। आगे पढ़ें.

खेल की खबरें-

भारतीय डिस्कस थ्रोअर सीमा पूनिया को मिला रियो ओलंपिक का टिकट

32 साल की सीमा अंतिल पूनिया डिस्कस थ्रो में रियो ओलिंपिक के लिए क्वालिफ़ाई कर लिया है। हरियाणा की इस एथलीट ने अमेरिका के केलिफोर्निया में चल रहे यंग थ्रोअर्स क्लासिक (Young Thrower's Classic) में स्वर्ण पदा जीतकर रियो के लिए टिकट हासिल कर लिया है। ओलिंपिक में क्वालिफ़ाई करने के लिए 61 मीटर दूर डिस्कस फेंकना था और पूनिया ने वही किया।

रियल मेड्रिड ने जीता 11वां चैम्पियंस लीग खिताब

मिलान के सैन सिरो स्टेडियम में शनिवार को हुए चैम्पियंस लीग के फाइनल मुकाबले में रियल मेड्रिड ने एक बार फिर इतिहास दोहराते हुए एटलेटिको मेड्रिड को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर खिताबी जीत हासिल की। इस रोमांचक मुकाबले को अपने नाम कर रियल ने 11वें लीग खिताब पर कब्जा जमाया है। आगे पढ़ें.

फ्रेंच ओपन में पेस-हिंगिस की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में

भारत के लिएंडर पेस और स्विट्जरलैंड की उनकी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गए। भारत और स्विट्जरलैंड की गैर वरीय जोड़ी ने चौथी सीड यारोस्लाव श्वेदोवा और फ्लोरीन मेर्जिया की जोड़ी को वर्षा से बाधित दूसरे दौर के मैच में 2-6, 7-5, 10-6 से पराजित किया।

Latest India News