भारत-ब्रिटेन के बीच 8 जनवरी से फिर शुरू होगी उड़ान सेवा, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दी जानकारी
भारत-ब्रिटेन के बीच 8 जनवरी से फिर शुरू होगी उड़ान सेवा, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दी जानकारी
IndiaTV Hindi Desk
Published : Jan 01, 2021 09:03 pm IST, Updated : Jan 01, 2021 09:53 pm IST
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच उड़ानें 8 जनवरी 2021 से दोबारा शुरू की जाएंगी।
Image Source : FILE PHOTOIndia & UK flights will resume from 8 January 2021
नई दिल्ली। ब्रिटेन में कोरोना वायरस नए स्ट्रेन के मामले सामने आने के बाद भारत सरकार द्वारा बंद की गई उड़ानों को फिर से शुरू किया जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच उड़ानें 8 जनवरी 2021 से दोबारा शुरू की जाएंगी। ट्वीट के जरिए जानकारी देते हुए पुरी ने कहा कि 23 जनवरी तक दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद के लिए केवल 15 उड़ानें प्रति सप्ताह तक सीमित रहेंगी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस संबंध में जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा करेगा।
गौरतलब है कि, कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के मामले सामने आने के बाद भारत ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानों पर 23 से 31 दिसंबर तक रोक लगा दी थी। साथ ही देश से भी ब्रिटेन जाने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। भारत के अलावा फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड समेत कई यूरोपीय देशों ने भी ब्रिटेन पर हवाई प्रतिबंध लगाया था।
कोविड-19 का नया प्रकार: भारत में कुल 29 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई
भारत में भी कोरोना नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए नए साल के शुरुआती दिनों में बंदिशें लगाई गई हैं। ब्रिटेन में सामने आये कोराना वायरस के एक नये प्रकार से भारत में अब तक कुल 29 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन ज्यादा संक्रामक है। यूरोप, खाड़ी देशों समेत 35 से ज्यादा देशों ने ब्रिटेन से उड़ानों या ट्रेन संचालन पर रोक लगाई थी। ब्रिटिश सरकार ने तो लंदन और कई अन्य इलाकों में नाइट कर्फ्यू का भी ऐलान किया है।