अगर आप बहुत ज्यादा मोटे हैं तो लोग जिम जाकर एक्सरसाइज करने की सलाह देते हैं। लोग सोचते हैं कि जमकर एक्सरसाइज करने से तेजी से वजन कम होता है। अगर लगातार स्क्वैट्स करेंगे तो इससे जांघों पर जमा फैट कम होगा। बाइसेप्स कर्ल करेंगे तो बाजू पर जमा फैट कम होगा। लेकिन फिटनेस कोच पुनीत राव की मानें तो वजन घटाने वालों की यह सबसे बड़ी गलतफहमियों में से एक है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर एक पोस्ट में बताया कि वर्कआउट से शरीर के किसी खास हिस्से की चर्बी क्यों नहीं पिघलती और वास्तव में लंबे समय तक वजन घटाने में क्या मदद करता है।
स्ट्रेंथ ट्रेनिंग सीधे फैट बर्न नहीं करती
फिटनेस एक्सपर्ट पुनीत ने कहा कि व्यायाम कोई जादुई तरीका नहीं है जिससे शरीर का वजन अपने आप कम हो जाता है। बल्कि जब आप कोई भी व्यायाम करते हैं तो इससे शरीर को संकेत मिलता है। हर बार जब आप वजन उठाते हैं, तो आपके शरीर को एक संदेश मिलता है कि मुझे ताकत की जरूरत है। मुझे मांसपेशियां चाहिए और मुझे सक्षम बनना होगा।
मांसपेशियां बनाने के लिए शरीर मेहनत करता है जिससे आपकी ओवरऑल फिटनेस बेहतर होती है। कोच पुनीत ने बताया मांसपेशियां बढ़ने से शरीर में सब कुछ बदल जाता है। आप बेहतर ढंग से चल पाते हैं। आप अधिक मेहनत से ट्रेनिंग कर पाते हैं। यहां तक कि रेस्ट के समय आपका शरीर ज्यादा कैलोरी खर्च करता है।
वजन घटाने में क्या मदद करता है?
फिटनेस कोच की मानें तो वजन कम करने के लिए किसी एक व्यायाम पर निर्भर रहने की बजाय आपको हेल्दी आदतों को अपनाना चाहिए। इसके लिए अपने रोज का खान-पान सही करें, खाने में भरपूर प्रोटीन शामिल करें, रोजाना चलना-फिरना शुरू करें, अच्छी नींद लें और नियमित व्यायाम करें। इन सारी चीजों को एक साथ करने से तेजी से वजन कम होता है। इससे किसी एक अंग नहीं बल्कि पूरे शरीर का फैट एक साथ कम होता है।
इसलिए वजन घटाने के लिए कौन सी एक्सरसाइज बेस्ट है इससे ज्यादा जरूरी है कि आप ये जानें कि कौन सी आदतें शरीर को मजबूत, स्वस्थ और तोड़ने में मुश्किल बनाती हैं? आपको अपनी लाइफस्टाइल में व्यायाम के साथ, खान-पान, नींद और आराम सब पर ध्यान देना चाहिए।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Lifestyle News