1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. दिनभर में 10 हजार कदम पूरे करने का सबसे आसान तरीका, ऐसे पूरा करें रोज का टारगेट

दिनभर में 10 हजार कदम पूरे करने का सबसे आसान तरीका, ऐसे पूरा करें रोज का टारगेट

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 02, 2026 07:33 am IST,  Updated : Jul 02, 2026 07:33 am IST

फिट रहने के लिए दिन में 10 हजार कदम चलने की सलाह दी जाती है। लेकिन ये 10 हजार कदम चलना कुछ लोगों को लिए बड़ा टास्क बन जाता है। ऐसे में हम आपको कुछ आसान तरीके बचा रहे हैं जिससे आप 10,000 स्टेप का टारगेट पूरा कर सकते हैं।

10 हजार कदम कैसे वॉक करें- India TV Hindi
10 हजार कदम कैसे वॉक करें Image Source : MAGNIFIC

रोजाना वॉक करना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। आपको औसतन दिन में 10 हजार कदम जरूर पूरे करने चाहिए। लेकिन घंटों ऑफिस में बैठकर काम करने वाले और कार से ऑफिस के गेट तक पहुंचने वाले 10 हजार क्या 1 हजार कदम भी पूरे नहीं कर पाते हैं। अगर आपको भी 10 हजार कदम चलने हैं तो हम आपको कुछ आसान तरीके बता रहे हैं। इससे आपके दिनभर में 10,000 कदम चलने का टारगेट आसानी से पूरा हो जाएगा। आइये जानते हैं 10,000 स्टेप पूरे करने के लिए क्या करें?

दरअसल एक बार में ही 10,000 कदम चलना शुरुआत में मुश्किल भरा हो सकता है। खासतौर से व्यस्त दिनों में ऐसा करना, इसके लिए आप अपनी वॉक को कुछ छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें और धीरे-धीरे टारगेट की ओर बढ़ें। 

दिनभर में 10 हजार कदम कैसे पूरे करें?

सीढ़ियों का इस्तेमाल करें- ऑफिस और घर में आने-जाने के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर की बजाय आप सीढ़ियों का इस्तेमाल करें। इससे आपका काम भी हो जाएगा और स्टेप्स भी बढ़ जाएंगे। सीढ़ियां चढ़ने से वजन कम होता है और आपके स्टेप काउंट भी बढ़ते हैं।

हर खाने के बाद टहलें- आपको अपने हर मील के बाद 10.15 मिनट टहलना चाहिए। इससे आप दिन में 3-4 बार 10 मिनट टहलेंगे और आपके 10 हजार कदम का बड़ा हिस्सा पूरा कर लेंगे। ये दस हजार कदम पूरे करने का कारगर तरीका है। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है और पाचन क्रिया मजबूत बनती है।

घर के काम करें- भले ही घर के काम के दौरान की गई वॉक या आना जाना सेहत पर ज्यादा असर नहीं डालता, लेकिन इससे आप एक्टिव रहते हैं और स्टेप काउंट का टारगेट पूरा कर पाते हैं। इसलिए छोटे-मोटे काम करने की आदत बना लें। बच्चों को स्कूल से लेने और उन्हें छोड़ने जाएं। लौटते समय 10 मिनट पार्क में टहल लें। सब्जियां और फल लेने जाएं। इससे आपके काम भी हो जाएंगे और स्टेप भी बढ़ेंगे।

आने-जाने के समय पैदल चलें- कोशिश करें बस स्टॉप तक, मेट्रो स्टेशन तक, ऑफिस से पार्किंग तक पैदल चलें। इस तरह पैसा और समय तो बचेगा ही साथ ही आप पैदल चलकर अपने स्टेप्स काउंट को पूरा कर पाएंगे। बाजार में घूमते वक्त रिक्शा न लें और पैदल ही चलें। आसपास की जगहों पर जैसे मंदिर या कहीं दुकान पर पैदल जाने का रास्ता चुनें।

पालतू जानवर रखें- अगर आप घर से निकलने से हिचकते हैं तो कोई जानवर पाल लें। पालतू जानवर को नियमित सैर की जरूरत होती है। उनके साथ आपकी भी अच्छी वॉक हो जाती है। इससे आप दिनभर एक्टिव रहते हैं और आपके स्टेप भी पूरे हो जाते हैं। 

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल