1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. लौकी से बनाएं स्वादिष्ट खीर, बच्चे भी शौक से खाएंगे, जान लें रेसिपी

लौकी से बनाएं स्वादिष्ट खीर, बच्चे भी शौक से खाएंगे, जान लें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 07, 2026 08:18 pm IST,  Updated : Oct 07, 2026 08:18 pm IST

आपने खीर तो कई तरह की खाई होगी लेकिन क्या आपने कभी लौकी की स्वादिष्ट और हेल्दी खीर खाई है। इसका स्वाद लाजवाब होता है और इसे बनाना भी बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए लौकी खीर की रेसिपी लेकर आए हैं।

लौकी से बनाएं स्वादिष्ट खीर, बच्चे भी शौक से खाएंगे, जान लें रेसिपी - India TV Hindi
लौकी से बनाएं स्वादिष्ट खीर, बच्चे भी शौक से खाएंगे, जान लें रेसिपी Image Source : SHIVANI'S KITCHEN/YOUTUBE

खीर का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। खीर कई तरह की होती है लेकिन ज्यादातर घरों में चावल की खीर बनाई जाती है। चावल की खीर खाने में काफी स्वादिष्ट लगती है। लेकिन क्या आपने कभी लौकी की खीर खाई है। ये स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। अक्सर बच्चे लौकी की सब्जी खाने में नखरे दिखाते हैं, लेकिन अगर आप उन्हें लौकी की मलाईदार और मेवों से भरपूर खीर बनाकर देंगे, तो वे इसे बड़े चाव से खाएंगे। यहां लौकी खीर की रेसिपी दी गई है। फटाफट नोट कर लें। 

सामग्री

  • ताजा लौकी: 500 ग्राम (छिलका छिला और कद्दूकस किया हुआ)
  • फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
  • देशी घी: 2 बड़े चम्मच
  • चीनी: 1/2 कप (स्वादानुसार)
  • मावा या कंडेंस्ड मिल्क: 1/4 कप 
  • इलायची पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
  • काजू और बादाम: 8-10 (बारीक कटे हुए)
  • पिस्ता: 1 बड़ा चम्मच (कतरा हुआ)
  • किसमिस: 1 बड़ा चम्मच
  • केसर: 8-10 धागे 

बनाने का तरीका 

स्टेप 1

सबसे पहले लौकी को छीलकर धो लें और कद्दूकस कर लें। कद्दूकस करते समय ध्यान रखें कि बीच का बीज वाला हिस्सा हटा दें। अब लौकी को हाथों से हल्का दबाकर उसका अतिरिक्त पानी निचोड़ लें, ताकि खीर में कच्चापन न रहे।

स्टेप 2
एक भारी तले की कढ़ाई या पैन में 2 चम्मच देशी घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और धीमी से मध्यम आंच पर 8 से 10 मिनट तक भूनें। लौकी का सारा पानी सूख जाने और उसमें से सौंधी खुशबू आने तक इसे पकाएं।

स्टेप 3
इसके बाद एक दूसरे भारी बर्तन में 1 लीटर दूध डालकर उबालने रखें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें और इसे 5-7 मिनट तक पकने दें ताकि दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए। अब इसमें भुनी हुई लौकी डालें और अच्छी तरह मिलाएं।

स्टेप 4
लौकी और दूध के मिश्रण को धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकने दें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि खीर तले में न लगे। जब लौकी पूरी तरह से गल जाए और दूध आधा होकर मलाईदार हो जाए, तब इसमें मावा और चीनी मिलाएं। चीनी घुलने तक 3-4 मिनट और पकाएं।

स्टेप 5
अब खीर में केसर वाला दूध, इलायची पाउडर, बारीक कटे काजू, बादाम और किसमिस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। खीर को 2-3 मिनट और धीमी आंच पर पकने दें, फिर गैस बंद कर दें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।