हरा धनिया सब्जी का स्वाद, खुशबू और रंग को कई गुना बढ़ा देता है। लेकिन सही तरीके से स्टोर न करने पर धनिया गलने लगता है और जल्दी खराब हो जाता है। अगर आप धनिया को लंबे समय तक हरा और ताजा रखना चाहते हैं तो उसे तुरंत फ्रिज में रखने की गलती न करें। धनिया को लंबे समय तक चलाने के लिए धनिया के बंडल को खोलें और उसमें से पीली, गली और खराब होने वाली पत्तियों को हटा दें। अब एक बाउल में पानी लें और उसमें धनिया की पत्तियों को आराम से धो लें। पत्तियों को ज्यादा रगड़ने से बचें लेकिन जड़ों में लगी गंदगी को साफ कर दें। अब धुले हुए धनिया को किसी प्लेट या अखबार पर फैला दें। धनिया में जो नमी होती है उसे अच्छी तरह से सूखने दें। इससे धनिया लंबे समय तक हरा और ताजा रहेगा।
धनिया को लंबे समय तक हरा रखने का तरीका
पहला तरीका- अब एक पेपर टॉवल लें और उसे हल्का गीला करें। अब धनिया को छोटे-छोटे गुच्छे में बांट लें और गीली पेपर टॉवल को जड़ों और नीचे डंठल वाले हिस्से पर लपेटें। अब किसी प्लास्टिक कंटेनर में धनिया को रखकर फ्रिज में रख दें। इस तरह धनिया 15 दिन तक ताजा और हरा बना रहता है।
दूसरा तरीका- एक प्लास्टिक रैप वाली एक शीट लें और धनिया को प्लास्टिक में रैप कर दें। प्लास्टिक शीट में रैप करते वक्त हवा को निकालते रहें। धनिया जितना कम हवा के संपर्क में आएगा उतना ज्यादा दिन ताजा रहेगा। हर बार इस्तेमाल होने वाले धनिए की मात्रा को अलग-अलग प्लास्टिक शीट में रैप करें। इन्हें फ्रिज में रखें और जब धनिया इस्तेमाल करना हो इसमें से एक धनिए का गुच्छा निकालकर इस्तेमाल करें। इस तरह धनिया काफी लंबे समय तक चलता है।
तीसरा तरीका- जब धनिया पूरी तरह सूख जाए तो इसकी जड़ें काट लें। अब धनिया को बारीक चॉप कर लें। अब धनिया को किसी एयर टाइट कंटेनर में डालकर बंद कर दें। ये काफी आसान और अच्छा तरीका है जिससे रोज-रोज धनिया साफ करने और काटने की जरूरत नहीं पड़ती है। आप इसे फ्रीजर में स्टोर करके रखें। दूसरा तरीका है कटे हुए धनिया को आइस ट्रे में डालें और ऊपर से थोड़ा पानी डालें। अब फ्रीजर में रखें और धनिया की क्यूब्स जम जाएंगी। अब इन्हें निकालकर जिप लॉक बैग में डाल दें। एक आइस क्यूब निकालें और खाने में डाल दें।
चौथा तरीका- धनिया का पानी सूखने दें और अब हरा धनिया को किसी अखबार या तौलिया पर फैलाकर रख दें। जब धनिया की नमी सूख जाए तो इसे माइक्रोवेब की ट्रे पर फैलाएं और इसे कुछ देर के लिए माइक्रेवेब करें। इससे धनिया आसानी से सूख जाएगा। जब पत्तियां हल्की सूख कर क्रिस्पी हो जाएं तो निकाल लें। अब धनिया को ठंडा होने दें और फिर इसे क्रश करके या ऐसे ही किसी साफ कंटेनर में स्टोर करें। इसे फ्रिज में स्टोर करके रखें। इस तरह पूरे 6-8 महीने तक धनिया साफ- हरा और सुगंधित बना रहेगा।
Latest Lifestyle News