पौधों में सिर्फ पानी और खाद डालना ही काफी नहीं है। कई बार पौधे में कीड़े लग जाते हैं जिससे उसकी पत्तियां खराब होने लगती है। कुछ पौधे फंगस पनपने के कारण सही से नहीं बढ़ते और मर जाते हैं। इसके लिए पौधे में खाद डालना और पानी देना ही काफी नहीं है। समय-समय पर आपको पौधों में कीट-पतंगों को मारने वाली दवाएं डालना भी जरूरी है। अगर आप बीमार प्लांट्स में दवाओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो इसके लिए कुछ असरदार घरेलू उपाय हैं, जिससे आपके सूख रहे पौधे फिर से हरे-भरे हो जाएंगे और नई पत्तियां निकलने लगेंगी। आज हम आपको ऐसा उपाय बता रहे हैं जिससे आपके पौधों की ग्रोथ भी तेजी से होगी।
पौधों को कीड़े और फंगस से कैसे बचाएं?
15 लीटर के टैंक में पानी तैयार करने के लिए आपको 250 ग्राम दूध लेना है, इसमें 10 ग्राम हल्दी का पाउडर, 5 ग्राम हींग और 20 ग्राम गुड़ मिलाने की सलाह दी जाती है। इन सारी चीजों को पानी में मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। इसे किसी स्प्रे बोतल में डालें और उससे पौधों की पत्तियों को स्प्रे करें। यही पानी आपको पौधों की जड़ों में भी डालना है।
हल्दी, गुड़, हींग और दूध का घोल क्या फायदा करता है?
दूध में प्रोटीन, कैल्शियम और दूसरे पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं हल्दी में करक्यूमिन होता है और ये एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं। हींग में तेज स्मैल होती है, जो कीड़ों को दूर भगाने का काम करती है। गुड़ का रोल इसमें होता है कि पत्तियों पर हजारों सूक्ष्म जीव होते हैं, जिसमें से कुछ हानिकारक और कुछ लाभदायक होते हैं। जब पत्तियों पर लाभदायक माइक्रोब्स हैं तो पत्तियां हरी, मजबूत और स्वस्थ होती हैं। जब पेड़ हेल्दी हैं और पौधे में कोई रोग नहीं है तब आप गुड़ और दूध पौधों में डालते हैं तो इससे हेल्दी पौधों में हेल्दी माइक्रोब्स बढ़ते हैं। जब हेल्दी माइक्रोब्स बढ़ते हैं तो इससे पौधों को खराब करने वाले हानिकारक माइक्रोब्स कम होने लगते हैं। इससे पौधों में फंगस नहीं आती और पौधे ज्यादा हरे-भरे हो जाते हैं। ये दोनों चीजें पौधे के लिए भोजन का काम करती हैं। अगर पौधे पर फंगस लगी है या बैक्टीरिया पहले से लगी है तो इसका इस्तेमाल न करें। क्योंकि इससे हानिकारक तत्वों को पोषण मिलेगा और पौधा खराब होगा। वहीं दूध पीएच बैलेंस में सुधार लाता है।
कितने दिनों में इस्तेमाल करें?
ये उपाय पौधों के लिए टॉनिक का काम करेगा। इससे पौधे हरे-भरे होंगे और किसी तरह के कीट पतंगे प्लांट्स को खराब नहीं करेंगे। इससे पत्तियां बड़ी होंगी और नई पत्तियां निकलने लगेंगी। आपको इस उपाय को महीने में 1 बार करना है। इससे बेहतरीन नतीजे मिलेंगे।