1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. किचन में रखे डिब्बे पर जम गई है चिकनाई, दिवाली से पहले साफ करने के लिए अपनाकर देखें ये घरेलू नुस्खे

किचन में रखे डिब्बे पर जम गई है चिकनाई, दिवाली से पहले साफ करने के लिए अपनाकर देखें ये घरेलू नुस्खे

दीवाली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में अगर आप इससे किचन में रखे डिब्बे को बिना झंझट आसानी से साफ करना चाहते हैं तो यहां बताए गए टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।

How to clean containers kept in kitchen accumulated with grease- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV How to clean containers kept in kitchen accumulated with grease

दिवाली का त्योहार नजदीक है और इस दौरान पूरे घर की साफ-सफाई के साथ-साथ किचन की डीप क्लीनिंग करना सबसे बड़ा काम माना जाता है। खासकर, किचन में रखे मसालों, दालों और चीनी के डिब्बों पर जमी चिकनाई को साफ करना मेहनत भरा काम लगता है। कुकिंग के दौरान उड़ने वाली चिकनाई और धूल-मिट्टी डिब्बे पर चिपक जाती है, जिससे वे चिपचिपे और गंदे दिखने लगते हैं। अगर आप भी इस दीवाली अपने किचन के डिब्बों को बिल्कुल नया जैसा चमकाना चाहते हैं, तो बाजार के महंगे क्लीनर्स की जगह आसान घरेलू नुस्खे अपना सकते हैं। 

बेकिंग सोडा और नींबू का कमाल
बेकिंग सोडा और नींबू किचन की जिद्दी चिकनाई को हटाने के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। अब इसमें आधा नींबू निचोड़ें। इस मिश्रण में प्लास्टिक या कांच के डिब्बों को 15 से 20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। इसके बाद, एक स्पंज या स्क्रबर की मदद से हल्के हाथों से इसे रगड़ें। चिकनाई गायब हो जाएगी और डिब्बे चमक उठेंगे।

सिरका और डिश सोप
सिरका नेचुरल डिग्रेज़र होता है, जो कांच और प्लास्टिक दोनों तरह के डिब्बों को साफ करने में कारगर है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और गर्म पानी मिलाएं। इसमें थोड़ा सा लिक्विड डिश सोप भी मिला लें। इस घोल को गंदे डिब्बों पर अच्छी तरह स्प्रे करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद सादे पानी और स्क्रबर से साफ कर लें। इससे डिब्बों पर जमी चिपचिपाहट दूर हो जाएगी।

गुनगुना पानी और सर्फ का घोल
अगर आपके डिब्बे बहुत ज्यादा गंदे नहीं हैं, तो यह तरीका सबसे कारगर है। इसके लिए एक बड़े टब में तेज गर्म पानी लें और उसमें वाशिंग पाउडर या डिटर्जेंट, थोड़ा सा नमक मिला लें। डिब्बों को इस पानी में आधे घंटे के लिए डुबोकर छोड़ दें। गर्म पानी चिकनाई को पिघला देता है, जिससे स्कॉच ब्राइट से रगड़ने पर मैल आसानी से छूट जाता है।

Latest Lifestyle News